Browsing all articles in वेब अनुप्रयोग
Aug
18

ड्रॉप बॉक्स में २५० मेगाबाईट की अतिरिक्त जगह पाएं मुफ्त

ड्रॉप बॉक्स के मुफ्त वाले खाते में दो गीगाबाइट की जगह मिलती है। इस समय ड्रॉप बाक्स अपने उपयोग कर्ताओं को २५० मेगाबाईट की अतिरिक्त जगह दे रहा है और वह भी कुछ साधारण से कार्य करने के बदले में। ये कार्य इतने आसान हैं कि आप दस मिनट के भीतर ही कर लेंगे। जैसे : ड्रॉप बॉक्स को स्थापित करना, उसका टुटोरियल पढना इत्यादि।

फोकट का माल है दोस्तों। २५० मेगाबाइट की जगह जल्दी हड़पो।

https://www.dropbox.com/gs

Aug
9

वेब ब्राउज़रों की सुरक्षा जांचने के लिए ५ जालस्थल

अन्य अनुप्रयोगों की तरह ही वेब ब्राउज़रों की भी अपनी कमजोरियां होती हैं। यदि इन कमजोरियों के विषय में पता हो तो उन्हे आसानी से दूर भी किया जा सकता है। आज हम कुछ ऐेसे वेब अनुप्रयोगों की चर्चा करेंगे जिनके जरिए हम अपने ब्राउज़र के बारे में अधिक जान सकेंगे और उसके सुरक्षा छिद्रों का पता लगा सकेंगे।

१. ब्राउज़र स्कोप (http://www.browserscope.org)

इसके जरिए हमे एक साथ सभी प्रकार की जांच शुरू कर सकते हैं और फिर ये अंत में हमें पूरी रपट दिखाता है। यह ब्राउज़र के सुरक्षा संबंधी जानकारियों के अलावा रिच पाठ्य, एसिड, सेलेक्टर एपीआई इत्यादि से संबंधित जानकारी भी प्रदान करता है।

२. ब्राउज़र स्पाई (http://browserspy.dk/)

यह सेवा भी ब्राउज़र स्कोप की समान ही है लेकिन इसके द्वारा प्रदान की की गई जानकारी अधिक जल्दी समझ में आती है। और हां! इसमें हर जांच आपको अलग अलग करनी होती हैं।

३. पीसी फ्लैंक (http://www.pcflank.com)

इस सेवा की खास बात यह है कि यह सुरक्षा खामियों को बताने के साथ साथ उन्हे दूर करने का उपाय भी बताती है। इसमें पोर्ट स्कैनर और इंटरनेट की गति भी जांचने की सुविधा है।

४. क्वालिस ब्राउज़र चेक (https://browsercheck.qualys.com/)

इस सेवा का इस्तेमाल करने के लिए आपको एड ऑन स्थापित करना होगा क्योंकि यह सेवा एड ऑन के जरिए ही आपके ब्राउज़र की जानकारी इकट्ठी करती है।

५. स्कैन इट ब्राउज़र सिक्योरिटी चेक (http://bcheck.scanit.be/bcheck/go.php)

स्कैन इट सुरक्षा जांच की सेवा देने वाली कंपनी है। इसकी ऑनलाइन ब्राउज़र सुरक्षा जांच की सेवा १९ प्रकार की विभिन्न जांचों को करती है।

Jun
18

एविरी नें संगीत निर्माण हेतु अनुप्रयोग जारी किया

हमने पहले भी कुछ आनलाइन संगीत निर्माण के अनुप्रयोगों का जिक्र किया है। अभी हाल ही में मुझे एविरी की ओर से प्राप्त ईमेल के द्वारा जानकारी हुई कि एविरी ने संगीत निर्माण हेतु एक आनलाइन अनुप्रयोग जारी किया है। एविरी के सुईट में संगीत संपादन का अनुप्रयोग तो पहले से ही था। अबकी बार उन्होने संगीत निर्माण का अनुप्रयोग जोड़ा है। तो आइये इस अनुप्रयोग के विषय में और जानें…

एविरी म्यूजिक क्रिएटर को खोलने के लिए इस पते पर जाना होगा: http://aviary.com/online/music-creator

सर्वप्रथम आपको एक वाद्य यंत्र चुनने को कहा जाता है यानि कि आप किस वाद्य यंत्र से संगीत बनाना चाहेंगे। आप कोई भी एक चुन सकते हैं। लेकिन यदि आप एक से अधिक वाद्य यंत्रों की ध्वनियों का प्रयोग करना चाहते हैं तो आप बाद में ऐसा कर सकते हैं।

Aviary Music Creator

जैसा कि नीचे वाले चित्र में आप देख सकते हैं कि “इंस्ट्रूमेंट्स” वाले हिस्से से हम कोई भी वाद्य यंत्र चुन सकते हैं फिर उसकी विभिन्न ध्वनियों जो कि “साउंड्स” के अंतर्गत दिखाई देती हैं से कोई ध्वनि चुन सकते हैं। इन ध्वनियों को खींचकर मुख्य बीट्स वाले हिस्से में पटकने से वह ध्वनि जुड़ जाती है। फिर जब हम बीट्स वाले हिस्से में जहां जहां क्लिक करते जाते हैं वहां वहां एक बिंदु बन जाता है। और प्ले हेड जब वहां से गुजरता है तो वह ध्वनि वहां वहां सुनाई पड़ती है।

Aviary Music Creator

इस प्रकार हम विभिन्न वाद्य यंत्रों को बकायदा सजा कर बजा सकते हैं। अपने बनाए हुए संगीत को हम सहेज भी सकते हैं। किन्तु इसके लिए पंजीकरण आवश्यक है। सहेजने के पश्चात आप उसे डाउनलोड कर सकते हैं या लोगों से साझा कर सकते हैं।

Jun
4

गूगल के मुख्य पृष्ठ पर वालपेपर लगाएं

गूगल नें हाल ही में अपने गूगल डॉट कॉम वाले पृष्ठ पर एक नई विशेषता जोड़ी है। यह है बिंग की तर्ज पर वालपेपर। बिंग आपको अपना वालपेपर चुनने की इजाजत नही देता किन्तु गूगल देता है। और हां तस्वीरों को खोजने के भी ढेर सारे विकल्प गूगल उपलब्ध कराता है।

सर्वप्रथम गूगल डॉट कॉम पर जाएं उसमें आपको नीचे वालपेपर चुनने का एक लिंक दिखाई देगा। उसमें क्लिक करें।

यहां आप चाहें तो कम्प्यूटर से अपलोड करके या पिकासा एलबम से या सार्वजनिक गैलरी से या फिर संपादकों द्वारा चुनी गई तस्वीरों में से कोई भी तस्वीर गूगल डॉट कॉम के लिए चुन सकते हैं।

चुनाव करने के पश्चात “सेलेक्ट” बटन पर क्लिक करें। आपको आपके पसंद की तस्वीर मुख्य पृष्ठ पर दिखाई देने लगेगी।

Apr
29

पीडीएफ क्राउड किसी भी जालपृष्ठ को पीडीएफ में परिवर्तित करेगा

pdfcroud - webpage to pdf converter

पीडीएफ क्राउड एक आनलाइन सेवा है जिसके जरिए हम किसी भी जालपृष्ठ को पीडीएफ फाइल के रूप में सहेज सकते हैं। पीडीएफ क्राउड हमें पृष्ठ का आकार, मार्जिन तथा पासवर्ड सुरक्षा जैसे विकल्प भी प्रदान करता है। आप न केवल किसी जालस्थल का पता भरकर उसे पीडीएफ में परिवर्तित कर सकते हैं बल्कि किसी एचटीएमएल फाइल को अपलोड करके अथवा सीधे एचटीएमएल टाइप करके भी उसे पीडीएफ में परिवर्तित करते हैं। यदि आपको एचटीएमएल ना आता हो तो यह आपको एक WSISWYG संपादक देता है, जिसकी मदत से आप बिना एचटीएमएल टाइप करे ही अपनी सामग्री लिख व संपादित कर सकते हैं।

पीडीएफ क्राउड वेबमास्टरों तथा डेवेलपरों के लिए कोड तथा एपीआई भी प्रदान करता है। जिससे वे अपने जालपृष्ठों तथा प्रोग्रामों में पीडीएफ क्राउड का इस्तेमाल कर सकें।

एक और बात, यह केवल अंग्रेजी जालपृष्ठों को ही ठीक से पीडीएफ में परिवर्तित कर पाता है। हिन्दी जालपृष्ठों में हिन्दी शब्दों के स्थान पर डिब्बे बन जाते हैं।

http://www.pdfcrowd.com/

Apr
26

क्लियर बिट्स से वैध टोरंट डाउनलोड करें

क्लियर बिट्स - ClearBits.net

एक ओर जहां टोरंट पायरेसी के लिए बदनाम हो चुके हैं वहीं क्लियर बिट्स डॉट नेट जैसे जाल स्थल राहत पहुंचाते हैं। यहां आपको पूरी तरह से वैध फाइलें डाउनलोड हेतु उपलब्ध मिलेंगी। क्लियर बिट्स में फाइलें क्रियेटिव कॉमन्स या इसी के समान लाइसेंसों वाली होती हैं। अत: यदि आप कम्प्यूटर पर कोई कला आदि से संबंधित कोई कार्य कर रहे हों तो आपको यहां से बिना कोई नियम तोड़े संसाधन प्राप्त कर सकते हैं। यदि आपके पास कोई टोरंट क्लाइंट नही है तो भी चिंता की बात नही क्लियर बिट्स में वेब आधारित जावा टोरंट क्लाइंट पहले से ही है। अत: फाइलें डाउनलोड करते समय ऐसा लगता ही नही है कि किसी टोरंट को डाउनलोड कर रहे हैं।

http://www.clearbits.net/

Apr
23

स्काई ड्राइव को विंडोज़ एक्सप्लोरर के जरिए प्रयोग करें

विंडोज़ लाइव स्काई ड्राइव पच्चीस गीगाबाइट की मुफ्त भंडारण सेवा देती है। परंतु इसकी फाइलों तक आप केवल वेब ब्राउज़र से ही पहुंच सकते हैं। माइक्रोसॉफ्ट नें एफ टी पी जैसी भी कोई सुविधा नही दी है। इस सबके बावजूद आप स्काई ड्राइव को अपने विंडोज़ एक्सप्लोरर से प्रयोग कर सकते हैं। आइए देखते हैं कैसे।

एक प्रोग्रामर नें महसूस किया कि स्काई ड्राइव में WebDAV के द्वारा फाइलें अपलोड की जा सकती हैं। अत: एक ऐसा अनुप्रयोग बनाया गया जिससे आप अपने स्काई ड्राइव फोल्डरों का WebDAV पता जान सकें। यह अनुप्रयोग यहां से डाउनलोड किया जा सकता है : http://skydrivesimpleviewer.codeplex.com/releases/view/39728

इसे स्थापित करने की आवश्यकता नही है। सीधे क्लिक करके चला सकते हैं। इसे चलाने पर आपको सर्वप्रथम अपना विंडोज़ लाइव आई डी तथा कूटशब्द भरना होगा तथा लॉग इन बटन पर क्लिक करके सत्रारंभ करना होगा।

आप किनाने की पट्टिका में फोल्डरों की सूची देख पाएंगे। जिस फोल्डर को आप नेटवर्क ड्राइव के तौर पर लगाना चाहते हों उसे क्लिक करें और ऊपर उसका WebDAV पता नकल कर लें।

अब स्टार्ट >कम्प्यूटर में जाएं और उसमें ऊपर की पट्टी में मैप नेटवर्क ड्राइव में क्लिक करें। इससे आपके सामने मैप नेटवर्क ड्राइव की विंडो उपस्थित होगी।

इसमें फोल्डर के आगे अपना WebDAV पता चिपकाएं।

लेकिन ध्यान रहे कि WebDAV पता http के रूप में होता है अत: आपको पते में से http:// को हटाकर // लिखना होगा तथा सभी जगह / की जगह \ लिखना होगा। यानि कि,

https://abcde.docs.live.net/5b47sajb7/sample

बन जाएगा

\\abcde.docs.live.net\5b47sajb7\sample

विंडो की तस्वीर में आप यह देख सकते हैं।

यह भरने के बाद अपना ड्राइव लेटर चुनें और फिनिश बटन पर क्लिक करें।

आपको थोड़ा इंतजार करना होगा। फिर आपसे आपका विंडोज़ लाइव आईडी तथा कूटशब्द मांगा जाएगा। उसे भरें और ओके बटन पर क्लिक करें।

आपको फिर थोड़ा इंतजार करना होगा। और इसके बाद आप अपने स्काई ड्राइव फोल्डर को विंडोज़ एक्सप्लोरर में देख पाएंगे। इसमें आप सीधे विंडोज़ एक्सप्लोरर से ही नए फोल्डर बना सकते हैं। पुराने हटा सकते हैं। वो सबकुछ जो आप एक नेटवर्क ड्राइव से कर सकते हैं।

इस प्रकार हम देखते हैं कि विंडोज़ लाइव स्काई ड्राइव को नेटवर्क ड्राइव के तौर पर लगा देने से उसमें काम करना बहुत आसान हो जाता है। विंडोज़ लाइव स्काई ड्राइव करीब पच्चीस गीगाबाइट की जगह देती है जो कि अपने आप में काफी है। और नेटवर्क ड्राइव बना देने से स्काई ड्राइव की फाइलों को सीधे किसी अनुप्रयोग जैसे वर्डपैड, नोट पैड, ओपेन ऑफिस आदि से भी खोला एवं सहेजा जा सकता है।

Apr
15

गूगल सर्च स्टोरी

गूगल ने अपना एक नया मजेदार उत्पाद पेश किया है| नाम है गूगल सर्च स्टोरी| इसमें करना ये है कि आप करीब छ: सात शब्द लिखें, कोई एक संगीत चुनें और बना दें उन शब्दों के खोज परिणामों की एक वीडियो कहानी|

गूगल सर्च स्टोरी - चरण १ - अपने पसंदीदा खोज शब्द भरें|

गूगल सर्च स्टोरी - चरण २

गूगल सर्च स्टोरी - चरण २ - पृष्ठभूमि में चलने के लिए अपना पसंदीदा संगीत चुने|

गूगल सर्च स्टोरी - चरण ३ - आपका वीडियो बन रहा है| थोडा इंतज़ार करें|

बधाई हो! आपका वीडियो बन गया| आप चाहें तो इसे यूट्यूब में भी डाल सकते हैं|

बधाई हो! आपका वीडियो बन गया| आप चाहें तो इसे यूट्यूब में भी डाल सकते हैं|

Apr
14

Gazzump से यूट्यूब, माइस्पेस और ब्रेक से वीडियो डाउनलोड करें

Gazzump एक वेब आधारित अनुप्रयोग है जिसके जरिए हम यूट्यूब, माइस्पेस तथा ब्रेक जैसी साइटों से वीडियो डाउनलोड कर सकते हैं। न केवल डाउनलोड कर सकते हैं बल्कि उन्हे विभिन्न संरूपों में परिवर्तित भी कर सकते हैं। यह FLV, MP3, AVI, WAV, WMV, MOV, MP4 तथा 3GP संरूपों में वीडियो परिवर्तित कर सकता है। यह उस वक्त काफी काम का हो सकता है जब किसी वीडियो गाने को आप MP3 या MP4 में परिवर्तित करके अपने MP3 प्लेयर अथवा मोबाइल में चलाना चाहें। या कोई शैक्षिक वीडियो अपने बाद के उपयोग के लिए डाउनलोड करके सहेजना चाहें।

अभी हाल ही में यूट्यूब ने अपने एपीआई में काफी फेरबदल किए हैं जिससे वीडियो डाउनलोड करने के कई अनुप्रयोग बंद हो गए। यह वेब आधारित अनुप्रयोग अभी बढ़िया काम कर रहा है।

आपको बस इसमें वीडियो का यूआरएल डालना होता है और इसके बाद यह आपसे संरूपों के बारे में पूछता है। संरूप चुन लेने के बाद यह स्वयं अपने सर्वर में यूट्यूब से वीडियो स्थानांतरित एवं परिवर्तित करता है। इस दौरान आपको थोड़ा इंतजार करना पड़ सकता है। एक बार वीडियो स्थानांतरित होने के बाद आपको डाउनलोड की कड़ी दे दी जाती है जिससे आप उस वीडियो को आराम से प्राप्त कर सकते हैं।

Download YouTube Videos from Gazzump

यूट्यूब से गैजम्प द्वारा वीडियो डाउनलोड करें

www.gazzump.com

Apr
13

सावधान! वर्डप्रेस चिट्ठों पर साइबर हमला

सावधान! वर्डप्रेस चिट्ठों पर साइबर हमला हुआ है। और एक नही दो दो। यह हमला वर्डप्रेस के नवीनतम संस्करण २.९.२ के चिट्ठों पर हुआ है। इसके जरिए चिट्ठों का सर्च इंजन में स्थान गिरता है तथा उपयोगकर्ताओं के कम्प्यूटरों में मालवेयर पहुंचाया जा रहा है। वर्डप्रेस ने फिलहाल इस विषय में अभी तक कोई बयान नही दिया है।

पहले हमले में होता ये है कि क्लॉकिंग के जरिए सर्च इंजनों को चिट्ठे की वास्तविक सामग्री की बजाए, स्पैम सामग्री दिखाई जाती है जिससे साइट का सर्च इंजनों में स्थान गिर जाता है।

क्लॉकिंग: वह पद्धति, जिसके जरिए सर्च इंजनों तथा असली उपयोगकर्ताओं को एक ही वेबसाइट के द्वारा अलग-अलग सामग्री उपलब्ध कराई जाती है। इसके लिए यूजर एजेंट अथवा आई पी पतों के हिसाब से सामग्री भेजी जाती है। इससे सर्च इंजन वह सामग्री नही देख पाता है जो कि असली उपयोगकर्ता देखता है।

क्लॉकिंग से आपके चिट्ठे की दुर्गति कैसे होती है समझने के लिए इस वीडियो पर गौर फरमाएं:

साभार: फ्रैंग ग्रूबर

क्रिस्टोफर पेन ने पाया कि यह हैक आपके वर्डप्रेस चिट्ठे के डाटाबेस की wp_options टेबल में rss_ उपसर्ग के साथ एकविकल्प जोड़ देता है जिसमें एनकोडेड जावास्क्रिप्ट होती है। इस rss_ वाले विकल्प को मिटा देने के बाद यह क्लॉकिंग वाली समस्या तो खत्म हो गई परंतु यह दोबारा पैदा हो गया।

एक दूसरे हमले में आपके वर्डप्रेस की स्क्रिप्ट वाली डायरेक्ट्री में jquery.js नामक फाइल बन जाती है और यह टेम्प्लेट के हेडर या फूटर में जोड़ दी जाती है। इसके बाद एक आईफ्रेम आपके चिट्ठे में बन जाता है और यह एक अन्य मालवेयर वाली साइट को आपके चिट्ठे में खोल देता है जिससे आपके पाठकों को नुकसान पहुंचाया जाता है।

अभी यह तो साफ नही है कि ये दोनो हमले एक दूसरे से संबंधित हैं या अलग अलग हैं। फिर भी यदि आपका भी वर्डप्रेस चिट्ठा है तो काफी सचेत रहने की जरूरत है। यदि वह हमले का शिकार हो गया है तो security@wordpress.org पर संपर्क करें और विस्तारपूर्वक जानकारी दें।