माइक्रोसॉफ्ट मैथेमैटिक्स से बन जाए गणित मजेदार
माइक्रोसॉफ्ट मैथेमेटिक्स माइक्रोसॉफ्ट द्वारा उपलब्ध कराया गया एक मुफ्त शैक्षिक सॉफ्टवेयर है जिसके जरिए विद्यार्थी गणतीय समीकरणों को हल करना आसानी से सीख सकते हैं। माइक्रोसॉफ्ट मैथेमैटिक्स के साथ तमाम सुविधाओं वाला एक कैलकुलेटर भी आता है जिससे बीजगणित, त्रिकोणमिति, सांख्यिकी इत्यादि से जुड़े सवालों को हल करना आसान और मजेदार हो जाता है।
माइक्रोसॉफ्ट मैथेमैटिक्स को डाउनलोड करने का पता है:
http://www.microsoft.com/downloads/en/details.aspx?FamilyID=9caca722-5235-401c-8d3f-9e242b794c3a
उबुन्टु १०.१० में फायर फाक्स ४ कैसे स्थापित करें
जैसा की आप सभी जानते ही होंगे की फायर फाक्स का चौथा संस्करण आ चुका है| आज इस प्रविष्टि में मैं आपको इसे उबुन्टु १०.१० में स्थापित करना सिखाऊंगा| यह बहुत आसान है:
अपना टर्मिनल खोलिए और उसमे यह आदेश दीजिये:
sudo add-apt-repository ppa:mozillateam/firefox-stable sudo apt-get update
अब अपडेट मैनेजर से अद्यतनो की जांच कीजिये उसमे आपको फायर फाक्स ४ के दर्शन हो जायेंगे
अब इंस्टाल अपडेट में क्लिक करके उन्हें स्थापित कर लें.
स्थापना प्रक्रिया पूरी होने के पश्चात् ब्राउजर को बंद करके पुन: आरम्भ करें.
उबुन्टू सॉफ्टवेयर केन्द्र से संबंधित तीन नुस्खे
अपने से सबसे नजदीक का सर्वर चुने
सॉफ्टवेयर स्थापित करते समय डाउनलोड तेजी से हों इसके लिए जरूरी है कि आपके द्वारा चुना गया सर्वर आपके सबसे नजदीक और तेज हो। सर्वर चुनने के लिए उबुन्टू सॉफ्टवेयर केन्द्र (सॉफ्टवेयर सेंटर) में एडिट मेन्यू में से सॉफ्टवेयर सोर्सेज़ में क्लिक करें।
यहां डाउनलोड फ्राम में क्लिक करें इससे एक मेन्यू खुलेगा इसमे “अदर” में क्लिक करें। अब जो डिब्बा आपके सामने आएगा उसमें आप अपने सबसे नजदीक का सर्वर चुन सकते हैं। आप चाहें तो “सेलेक्ट बेस्ट सर्वर” में क्लिक करके अपने लिए सबसे उत्तम सर्वर चुन सकते हैं।
फायरफॉक्स एक्सटेंशन स्थापित करें:
उबुन्टू सॉफ्टवेयर केन्द्र आपको फायरफॉक्स के कुछ चुनिंदा एक्सटेंशन सीधे स्थापित करने की सुविधा प्रदान करता है। इसके लिए आपको इंटरनेट > वेब ब्राउजर्स > फायरफॉक्स वेब ब्राउजर में जाना होगा।
सॉफ्टवेयर स्रोतों के जरिए पैकेज खोजें:
यदि आपने हाल ही में कोई सॉफ्टवेयर कोष जोड़ा है और आप उसका सॉफ्टवेयर स्थापित करना चाहते हैं तो सॉफ्टवेयर केन्द्र के किनारे में कोषों की सूची पर निगाह डालिए।
वर्चुअल बॉक्स में फेडोरा १४/सेंट ओएस में “गेस्ट एडीशन” कैसे स्थापित करें
मैंने वर्चुअल बॉक्स ४ में फेडोरा १४ स्थापित किया फिर वर्चुअल बॉक्स गेस्ट एडीशन डालने की कोशिश की तो सफलता हाथ नही लगी। फिर इस संबंध में एक बढिया लेख हाथ लगा तो सोचा कि आप लोगों को बताता चलूं।
वर्चुअल बॉक्स में फेडोरा स्थापित करने के बाद गेस्ट एडीशन स्थापित करने के लिए निम्न लिखित चरणों का पालन करें:
१. आभासी मशीन(वर्चुअल मशीन) के सेटिंग के डायलॉग बॉक्स में ऑपरेटिंग सिस्टम फेडोरा चुनकर रखें।
२. डिस्प्ले के अंतर्गत “३डी एस्क्लेरेशन” सक्षम होना चाहिए [ताकि आप कॉम्पिज़ फ्यूजन का आनंद ले पाएं।
३. अब फेडोरा वाली आभासी मशीन चालू कीजिए
४. टर्मिनल खोलिए और उसमें रूट उपयोगकर्ता के तौर पर सत्रारंभ कर दीजिए
५. अब यह आदेश दीजिए:
yum -y update kernel
६. इसके पश्चात यह आदेश दीजिए:
yum -y install kernel-devel kernel-headers dkms gcc gcc-c++
७. आभासी मशीन को पुन:आरंभ कीजिए
८. अब वर्चुअल बॉक्स गेस्ट एडीशन स्थापना हेतु आभासी मशीन के “डिवाइस” मेन्यू में जाकर “इंस्टाल गेस्ट एडीशन” में क्लिक करें।
९. जब आईएसओ फाइल माउंट हो जाए तो टर्मिनल के जरिए सीडी रोम तक पहुंचें यह /media डायरेक्ट्री में होती है।
१०. यहां यह आदेश दें:
sh VBoxLinuxAdditions.run
११. स्थापना प्रक्रिया पूरी होने के पश्चात आभासी मशीन को पुन:आरंभ करें। अब आप इसकी कई सुविधाओं का लाभ उठा पाएंगे।
१२. स्विच टू सीमलेस मोड में क्लिक करके देखें। आप अचंभित रह जाएंगे। आपकी विंडोज़ डेस्कटॉप और लिनक्स डेस्कटॉप एक दूसरे में मिश्रित हो जाएगी।
यह प्रक्रिया सेंट ओएस ५.५ के लिए भी लागू होती है।
विंडोज यूजर एकाउंट कंट्रोल (यूएसी) क्या है?
यूएसी क्या है?
यूजर एकाउंट कंट्रोल यानि कि यूएसी विंडोज का वह अंग है जो कि वायरसों, मालवेयरो तथा कम्प्यूटर पर होने वाले अनाधिकृत परिवर्तनों को रोकता है। यह अंग विंडोज की सुरक्षा प्रणाली का एक महत्वपूर्ण हिस्सा है। माइक्रोसॉफ्ट ने यूएसी को पहली बार विंडोज़ विस्टा के साथ निकाला और यह विंडोज़ ७ में भी मौजूद है।
यूएसी आपके कम्प्यूटर की रक्षा कैसे करता है?
सामान्य अवस्था में विंडोज में अनुप्रयोग बिना किन्ही प्रशासनिक अधिकारों (administrative privileges) के चलते हैं। अत: वे कम्प्यूटर में कोई महत्वपूर्ण बदलाव करने में अक्षम होते हैं। जब किसी अनुप्रयोग को कोई महत्वपूर्ण परिवर्तन करना होता है तो यूएसी उसे रोक लेता है और आपसे अनुमति मांगता है। यदि आप उसे अनुमति दे देते हैं तभी वह प्रक्रिया आगे बढ़ती है। विंडोज में ऐसी व्यवस्था होने से वायरस इत्यादि कम्प्यूटर में आसानी से कोई बड़े परिवर्तन नही कर पाते हैं।

किन किन कार्यों में प्रशासनिक अधिकारों की आवश्यकता पड़ती है?
- किसी अनुप्रयोग को प्रशासक के तौर पर चलाने पर
- विंडोज़ एवं प्रोग्राम फाइल फोल्डर के भीतर कोई परिवर्तन करने पर
- कोई ड्राइवर या अनुप्रयोग स्थापित करने पर
- एक्टिव एक्स कंट्रोलों को स्थापित करने पर
- विंडोज़ फायरवाल का समायोजन करने पर
- यूएसी का समायोजन करने पर
- विंडोज़ अपडेट में कोई परिवर्तन करने पर
- उपयोगकर्ताओं के खाते जोड़ने या हटाने पर
- उपयोगकर्ता के खाते का प्रकार बदलने पर
- अभिभावकीय नियंत्रण (पैरेंटल कंट्रोल) में कोई परिवर्तन करने पर
- टास्क शेड्यूलर चलाने पर
- सिस्टम फाइलों के बैक अप को पुनर्स्थापित करने पर
- किसी अन्य उपयोगकर्ता के फोल्डरों एवं फाइलों को देखने पर
- कम्प्यूटर के दिनांक एवं समय में परिवर्तन करने पर
यूएसी के स्तरों का क्या मतलब है?
विंडोज विस्टा में यूएसी के लिए केवल दो विकल्प थे “चालू” और “बंद”। इसके विपरीत विंडोज ७ में यूएसी के चार स्तर उपलब्ध हैं। ये हैं:
१. आलवेज नोटिफाई (हमेशा सूचित करें) : जब जब आप स्वयं या कोई प्रोग्राम कम्प्यूटर में कोई ऐसे परिवर्तन करने की कोशिश करेगा जिसे करने के लिए “प्रशासनिक अधिकारों” की आवश्यकता पड़ती है तब तब आपको उसके विषय में सूचित किया जाएगा। यह सबसे अधिक सुरक्षित स्थिति है किन्तु यूएसी का डायलॉग बॉक्स बार बार आ जाने से परेशान कर देता है।
२. डिफाल्ट (सामान्य अवस्था) : जब जब कोई प्रोग्राम कम्प्यूटर में कोई ऐसे परिवर्तन करने की कोशिश करेगा जिसे करने के लिए “प्रशासनिक अधिकारों” की आवश्यकता पड़ती है तब तब आपको उसके विषय में सूचित किया जाएगा। किन्तु यदि ये परिवर्तन आप स्वयं करेंगे तो आपको सूचना नही दी जाएगी। यह तुलनात्मक रूप से कम सुरक्षित स्थिति है क्योंकि वायरस/प्रोग्राम माउस कीबोर्ड की नकली हलचलों को पैदा करके कोई बड़ा परिवर्तन कर सकते हैं। फिर भी यदि आपने कोई अच्छा एंटी वायरस रखा है तो चिंता की कोई बात नही है।
३. डू नॉट डिम माई डेस्कटॉप : यह विकल्प पिछले वाले विकल्प की तरह ही है पर इसमें आपकी डेस्कटॉप “मद्धिम” नही होती है। यह और भी कम सुरक्षित स्थिति है क्योंकि डेस्कटॉप के मद्धिम हो जाने पर अन्य प्रोग्राम माउस पर से नियंत्रण खो देते थे और केवल यूएसी का डायलॉग बॉक्स पर ही आप क्लिक कर सकते थे। इस स्थिति में कोई वायरस भी माउस प्वाइंटर पर नियंत्रण करके यूएसी के डॉयलाग से छेड़छाड़ कर सकता है।
४. नेवर नोटिफाई : यूएसी पूरी तरह से बंद हो जाता है। ऐसा करना कम्प्यूटर को असुरक्षित स्थिति में डालना है।
क्या आपको यूएसी बंद कर देना चाहिए? यदि नही तो उसका कौन सा स्तर रखना सही होगा?
नही। “सिरदर्द और सुरक्षा” दोनों के बीच संतुलन बनाते हुए मेरा मानना है कि यूएसी का द्वितीय स्तर (डिफाल्ट) रखना उचित है। विंडोज ७ में यह पहले से ही निर्धारित किया गया रहता है।
इंटरनेट एक्सप्लोरर ९ जारी : अभी डाउनलोड करें
माइक्रोसॉफ्ट नें इंटरनेट एक्सप्लोरर ९ को जारी कर दिया है। यह भारतीय समय के अनुसार आज (१५ मार्च २०११) को सुबह करीब ९:३० पर जारी हुआ। इंटरनेट एक्सप्लोरर ९ में हार्डवेयर आधारित गतिवर्धन जोड़ा गया है। इससे जालस्थल एकदम डेस्कटॉप अनुप्रयोगों की तरह लगने लगेंगे। इसके अलावा इसका रंग रूप भी काफी बदला गया है। खोजी बक्से और एड्रेस बार दोनों को एकीकृत कर दिया गया है। नया डाउनलोड प्रबंधक आपके द्वारा डाउनलोड की जाने वाली फाइलों की सूची रखेगा और यदि कोई फाइल संदेहास्पद लगी तो आपको सूचित कर देगा। इंटरनेट एक्सप्लोरर में सीएसएस ३ तथा एचटीएमएल ५ का समर्थन भी जोड़ा गया है।
विंडोज़ एक्सपी के उपयोगकर्ताओं के लिए एक निराशा भरा समाचार यह है कि इंटरनेट एक्सप्लोरर ९ विंडोज़ एक्सपी के लिए उपलब्ध नही है। डाउनलोड के लिए यहां जाएं:
उबुन्टू नेटबुक संस्करण की समाप्ति
उबुन्टू की कंपनी कैनॉनिकल नें हाल ही में घोषणा की है कि उबुन्टू का नेटबुक संस्करण अब अलग से नही आएगा। आगे से उबुन्टू डेस्कटॉप संस्करण ही नेटबुक से लेकर डेस्कटॉप कम्प्यूटरों में उपयोग के लिए उपलब्ध होगा और उसका नाम उबुन्टू डेस्कटॉप संस्करण नही बल्कि केवल “उबुन्टू ११.४” होगा। गौरतलब है कि कैनॉनिकल ने हाल ही में उबुन्टू नेटबुक संस्करण की डेस्कटॉप (उबुन्टू यूनिटी) को उबुन्टू के डेस्कटॉप संस्करण में लगा दिया था। अत: अब नेटबुक के लिए एक अलग प्रचालन तंत्र (ऑपरेटिंग सिस्टम) की आवश्यकता नही रही।
सन २००५ में उबुन्टू ने उबुन्टू का सर्वर संस्करण जारी करना आरंभ किया था। डेस्कटॉप संस्करण से सर्वर संस्करण को अलग करने के लिए उसी समय से “उबुन्टू डेस्कटॉप एडीशन” शब्द प्रचलन में लाया गया था। कैनॉनिकल का कहना है कि उन्हे लोगों की प्रतिक्रियाओं से पता चला कि डेस्कटॉप संस्करण शब्द लोगों में काफी भ्रम की स्थिति पैदा कर रहा था। लोग अपने लैपटॉप के लिए उबुन्टू लैपटॉप संस्करण खोज रहे थे। इस भ्रामक स्थिति को समाप्त करने के लिए कैनॉनिकल ने निर्णय लिया कि अब वो उबुन्टू के आगामी संस्करण केवल “उबुन्टू” नाम से जारी करेंगे। हां सर्वर संस्करण का नाम अवश्य ही उबुन्टु सर्वर संस्करण रहेगा और यहपहले की तरह ही जारी होता रहेगा।
कई फीडों को एक में कैसे मिलाएं
आप एक से अधिक चिट्ठे या जालस्थल चलाते हैं और उनकी अलग अलग फीडें हैं। और आप चाहते हैं वे सभी फीडें मिलकर एक ही फीड बन जाएं ताकि अधिक से अधिक लोगों तक प्रत्येक जालस्थल की सामग्री पहुंचाना सरल हो सके, तो फीड स्टिच सेवा आपके काम की हो सकती है। इस सेवा का लाभ उठाने के लिए आपको पंजीकरण करने की भी आवश्यकता नही है क्योंकि यदि आपके पास गूगल, फेसबुक इत्यादि का खाता है तो आप उसी से सीधे सत्रारंभ कर सकते हैं।
मुख्य विशेषताएं:
- एक से अधिक फीडों को मिश्रित कर देता है
- आरएसएस, ट्विटर, डिलीशियस, टम्बलर, गिट हब और फ्लिकर डाटा फीडों को समर्थन करता है
- फीड को जेसन संरूप में डाउनलोड करने की सुविधा देता है
- उपयोग में बेहद आसान
- आपके गूगल, याहू, ट्विटर, एओएल, फेसबुक अथवा ओपेन आईडी खातों के साथ कार्य करता है
गूगल क्रोम में हार्डवेयर आधारित गतिवर्धन करें
गूगल क्रोम के नवमें ९ और उसके बाद के संस्करणों में हार्डवेयर आधारित गतिवर्धन की सुविधा उपलब्ध है किन्तु सामान्य अवस्था में यह अक्षम होती है। यदि आप चाहते हैं कि गूगल क्रोम आपको आपके कम्प्यूटर के जीपीयू का उपयोग करके जालस्थलों को दिखाए तो ऐसा आप निम्नलिखित तरीके से कर सकते हैं:
एड्रेस बार में about:flags लिखें
जैसा कि ऊपर दिखाया गया है दिखाई देने वाले पृष्ठ में निम्नलिखित विकल्प सक्षम कर दें:
GPU द्रुतगति सम्म्रिश्रण
GPU द्रुतगति कैनवास 2D
वेबपॄष्ठ प्रीरेंडरिंग
नीचे आकर [अभी पुन:प्रारंभ करें] बटन पर क्लिक कर दें। क्रोम पुन: आरंभ होगा और अबकी बार यह जीपीयू का भी उपयोग करेगा। यदि आपको कोई फर्क समझ में नही आ रहा है तो इस जाल स्थल को क्रोम में खोलें: http://www.beautyoftheweb.com एक बार बिना ऊपर बताए विकल्पों को सक्षम किए खोलें और एक बार सक्षम करके खोलें। आपको अंतर स्वमेव ही समझ में आ जाएगा।
दुनिया का सबसे टूटा फूटा और खराब लिनक्स वितरण
Damn Vulnerable Linux नाम का एक लिनक्स वितरण है जिसे दुनिया का सबसे खराब और टूटा फूटा लिनक्स वितरण कहा जा सकता है। इस वितरण में वह सबकुछ है जिसे एक अच्छे लिनक्स वितरण में नही होना चाहिए। अब आप सोच रहे होंगे कि ऐसे लिनक्स वितरण का क्या लाभ? अरे भई इस लिनक्स वितरणों को लिनक्स प्रशासकों(एडमिनिस्ट्रेटर) को प्रशिक्षण देने के लिए किया जाता है। और यह लिनक्स वितरण इसी उद्देश्य से इतना खराब बनाया गया है। आखिर किसी मशीन को यदि आप सुधारना सीखना चाहते हैं तो सीखने के लिए पहले खराब मशीन की आवश्यकता होगी।

श्रेणियां
- अंतर्जाल/इंटरनेट
- अश्रेणीबद्ध
- ऑफिस सुईट
- डाउनलोड
- नुस्खे
- लिनक्स
- लेख
- विंडोज़
- वीडियो
- वेब अनुप्रयोग
- वेब ब्राउजर
- समाचार

















