हैम्स्टर वीडियो परिवर्तक से किसी भी संरूप में वीडियो फाइलें परिवर्तित करें
विन एफ़ एफ़ के समान हैम्स्टर वीडियो परिवर्तक लगभग हर वीडियो संरूप का समर्थन करता है। इसकी मदद से आप अपनी वीडियो फाइलों को किसी भी संरूप/फार्मेट में परिवर्तित कर सकते हैं। विन एफ़ एफ़ की तुलना में हैम्स्टर का इंटरफेस अधिक सुंदर और साफसुथरा है। वीडियो संरूप परिवर्तन के लिए यह विन एफ़ एफ़ की ही तरह एफ़एफ़एमपीईजी का ही प्रयोग करता है।
वीडियो संरूपों के अलावा यह दुनिया भर की ढेर सारी भाषाओं का भी समर्थन करता है। लेकिन दु:ख की बात यह है कि इसमें भारत की एक भी भाषा का नाम नही है।
डाउनलोड का पता है: http://videoconverter.hamstersoft.com
विंडोज़ ७ में तेजी से फाइलों के नाम बदलना
आइए जानें कि विंडोज़ ७ में ढेर सारी फाइलों के नाम तेजी से कैसे बदले जा सकते हैं। देखें यह वीडियो:
अब लिनक्स के लिए भी पोर्टेबल सॉफ्टवेयर
विंडोज़ के पोर्टेबल सॉफ्टवेयरों का तो आपने उपयोग किया ही होगा। लीजिए अब हाजिर हैं लिनक्स के लिए पोर्टेबल सॉफ्टवेयर। ये सॉफ्टवेयर अपने भीतर सभी निर्भर पैकेजों को समेटे हुए हैं अत: सीधे चलाने पर चल जाते हैं। किसी स्थापना प्रक्रिया से गुजरने की जरूरत नही। पेन ड्राइव में लीजिए और कहीं भी किसी भी लिनक्स पर उपयोग कीजिए।
(http://portablelinuxapps.org/)इस जालस्थल में पोर्टेबल अनुप्रयोगों का अच्छा खासा संग्रह है| यहाँ से किसी अनुप्रयोग को डाउनलोड कीजिये फिर उसकी फाइल में दाहिना क्लिक करके प्रापर्टीज़ में जाइए और परमीशन टैब में “allow executing file as program” के चेक बॉक्स को सक्षम कर दीजिये|

अब उस फाइल में दोहरे क्लिक करके आप उसे क्रियान्वित कर सकते हैं|
अभी लिनक्स पोर्टेबल अनुप्रयोगों का यह संग्रह छोटा है | पर काफी उपयोगी सॉफ्टवेयर जैसे की फायर फ़ॉक्स, फाइल जिला, ओपेरा, ब्लेंडर, जारा, स्क्रिबस आदि पोर्टेबल रूप में उपलब्ध है| मैं फिलहाल इसमे ओपन ऑफिस के शामिल होने का इन्तजार कर रहा हूँ|
विंडोज़ ७ के स्टिकी नोट्सों के लिए नुस्खे
विंडोज़ ७ के चिपकने वाले नोट्सों (स्टिकी नोट्स) से आप अपनी याददाश्ती के लिए बहुत सी छोटी छोटी जानकारियों को सहेज सकते हैं और उन्हे अपनी नजरों के सामने डेस्कटॉप पर रख सकते हैं। आज हम विंडोज़ ७ की इसी सुविधा के विषय में कुछ नुस्खे बताएंगे।
स्टिकी नोट्स शुरू करने के लिए Start > Accessories > Sticky Notes में जाएं। आपके सामनें एक पीले रंग का छोटा सा आभासी कागज स्क्रीन पर आ जाएगा। इसपर आप जो चाहे लिख सकते हैं। और यह स्वत: ही आपके लिखे हुए को सहेज भी लेता है।
एक से अधिक स्टिकी नोट्स बनाना: प्रत्येक स्टिकी नोट्स के बांई ओर एक धन का चिन्ह बना होता है जिसमें क्लिक करके आप एक से अधिक स्टिकी नोट्स बना सकते हैं। और दाहिंनी ओर एक क्रॉस x का चिन्ह होता है जिसमें क्लिक करके किसी नोट को मिटाया जा सकता है।
किसी नोट का रंग बदलने के लिए उसमें दाहिना क्लिक कीजिए और फिर रंग चुन लीजिए।
अक्षरों का रूप बदलना: निम्न लिखित कुंजियों के संयोजन से आप अपने नोट्सों के अक्षरों का रंगरूप बदल सकते हैं।
| Format | Keystroke Combination |
| Bold | Ctrl+B |
| Italic | Ctrl+I |
| Strikethrough | Ctrl+T |
| Underline | Ctrl+U |
| Increase Font Size | Ctrl+Shift+> |
| Decrease Font Size | Ctrl+Shift+< |
| Align Text Left | Ctrl+L |
| Align Text Right | Ctrl+R |
| Center | Ctrl+E |
| Bulleted/Numbered Lists | Ctrl+Shift+L |
स्टिकी नोट्सों का बैकअप लेना: यदि आप स्टिकी नोट्सों में काफी महत्वपूर्ण जानकारी रखते हैं तो फिर उनका बैकअप लेना अच्छा रहेगा। स्टिकी नोट्स के आंकडों की फाइल C:\Users\{उपयोगकर्ता नाम}\AppData\Roaming\Microsoft\Sticky Notes फोल्डर में रहती है। इस फाइल का बैकअप लेकर आप अपने नोट्सों को सुरक्षित कर सकते हैं।
स्टिकी नोट्सों के नष्ट होने के पुष्टीकरण संदेश को पुन: प्राप्त करना: जब भी हम किसी स्टिकी नोट्स को मिटाते हैं उस समय हमारे सामने एक पुष्टीकरण हेतु संदेश आता है। इसमें Don’t Display this Message Again का एक चेकबॉक्स होता है जिसमें क्लिक करने से भविष्य में कभी पुष्टीकरण संदेश नही आता है।
आप चाहें तो पुष्टीकरण संदेश को पुन: सक्षम कर सकते हैं। इसके लिए रजिस्ट्री संपादक खोलें और यहां जाएं: HKEY_CURRENT_USER\Software\Microsoft\Windows\CurrentVersion\Applets\StickyNotes
यहां आपको PROMPT_ON_DELETE का विकल्प मिलेगा। इसका मान 1 कर दें और पुष्टिकरण संदेश सक्षम हो जाएंगे।
रूपए के चिन्ह का फौन्ट डाउनलोड करें
कम्प्यूटर जगत में भारतीय भाषाओं के विकास का कार्य करने वाली संस्था पिनाक नें रूपए का चिन्ह फौन्ट के रूप में डाउनलोड करने हेतु उपलब्ध करा दिया है।फौन्ट की स्थापना हेतु स्टार्ट > कंट्रोल पैनल >फौन्ट्स में जाएं फिर इस फौन्ट की फाइल को खींचकर उस विंडो में पटक दें। फौन्ट स्थापित हो जाएगा। किसी वर्डप्रोसेसर में रूपए के चिन्ह को टाइप करने के लिए पहले INR फौन्ट को चुनिए फिर $ वाला चिन्ह अर्था शिफ्ट के साथ चार नंबर वाली कुंजी दबाइए।
डाउनलोड का पता: http://www.pinaak.org/index.php/download/category/5-inr-font
माई कम्प्यूटर, रिसाइकिल बिन जैसे महत्वपूर्ण प्रोग्रामों को टास्कबार में चिपकाना
विंडोज़ ७ में किसी प्रोग्राम को यदि टास्कबार में चिपकाना होता है तो हमें उस प्रोग्राम के चलते समय टास्कबार में उसमें दाहिंना क्लिक करके “पिन दिस प्रोग्राम टु टास्कबार” क्लिक करना होता है।
आज हम कुछ महत्वपूर्ण प्रोग्रामों जैसे कि माई कम्प्यूटर, रिसाइकिल बिन, माई डाक्यूमेंट्स इत्यादि को टास्कबार में चिपकाने के विषय में चर्चा करेंगे। सामान्यत: इन प्रोग्रामों को सीधे तरीके से टास्कबार में नही चिपकाया जा सकता है।
तो देर किस बात की? आइए शुरू करें…
किसी प्रोग्राम का डेस्कटॉप में शार्टकट बनाएं: डेस्कटॉप में खाली जगह पर दाहिंना क्लिक करें फिर न्यू में जाकर शार्टकट में क्लिक करें। इससे आपके समक्ष इस प्रकार का विजार्ड खुल जाएगा।
यहां ध्यान देने वाली बात यह है कि आप जिस विशेष सिस्टम प्रोग्राम का शार्टकट बनाना चाहते हैं उसका एक विशेष नाम लिखना होगा। जैसे माई कम्प्यूटर के लिए explorer shell:MyComputerFolder लिखना होगा। निम्नलिखित सूची से आपको कुछ मदद मिल जाएगी:
- explorer shell:MyComputerFolder (for My Computer shortcut)
- explorer shell:RecycleBinFolder (for Recycle Bin shortcut)
- explorer shell:ControlPanelFolder (for Control Panel shortcut)
- explorer shell:Administrative Tools (for Administrative Tools shortcut)
- explorer shell:ChangeRemoveProgramsFolder (for Programs and Features shortcut)
- explorer shell:NetworkPlacesFolder (for Network shortcut)
- explorer shell:Favorites (for Favorites shortcut)
- explorer shell:Games (for Games shortcut)
- explorer shell:Fonts (for Fonts shortcut)
- explorer shell:UserProfiles (for Users folder shortcut)
- explorer shell:Profile (for your username folder shortcut)
- explorer shell:Public (for Public folder shortcut)
- explorer shell:My Documents (for Documents shortcut)
- explorer shell:Common Documents (for Public Documents shortcut)
- explorer shell:My Music (for Music folder shortcut)
- explorer shell:CommonMusic (for Public Music folder shortcut)
- explorer shell:My Pictures (for Pictures folder shortcut)
- explorer shell:CommonPictures (for Public Pictures folder shortcut)
- explorer shell:My Video (for Videos folder shortcut)
- explorer shell:CommonVideo (for Public Videos folder shortcut)
- explorer shell:Downloads (for Downloads folder shortcut)
- explorer shell:CommonDownloads (for Public Downloads folder shortcut)
अब नेक्स्ट बटन में क्लिक करें और अपने शार्टकट का नाम दीजिए। फिनिश बटन में क्लिक करके विजार्ड बंद कीजिए।
आपके सामने डेस्कटॉप में एक नया आइकान होगा। इसमें दाहिना क्लिक कीजिए और प्रापर्टीज़ में जाइए। इसमें शार्टकट टैब में “चेंज आइकान” बटन पर क्लिक कीजिए। अब “लुक फार आइकान्स इन दिस फाइल” के डिब्बे में imageres.dll लिखकर इंटर दबाएं। इससे आपको और अधिक आइकान मिल जाएंगे। आप चाहें तो ब्राउज़ बटन से कोई अन्य आइकान भी चुन सकते हैं।अब कोई आइकान चुन लें। हमनें यहां कम्प्यूटर जैसा आइकान चुना है।ओके बटन पर क्लिक करके दोनों डायलॉग बॉक्स बंद करें।
ऊपर बताई गई प्रक्रिया नीचे दिये गए चित्र से और भी अधिक स्पष्ट हो जाएगी।
अब आपका शार्टकट इस प्रकार दिखाई देने लगेगा।
अब इस शार्टकट को खींचकर टास्कबार में पटक दें।
बधाई हो आपका प्रोग्राम टास्कबार में चिपक गया।
एरो स्नैप,पीक और शेक क्या हैं?
विंडोज़ ७ में विंडो को नियंत्रित करने के लिए तीन नए तरीके उपलब्ध कराए गए हैं। ये हैं, एरो स्नैप, एरो पीक और एरो शेक। आइए इनके बारे में क्रम से जानें:
एरो स्नैप: किसी विंडो को खींचकर स्क्रीन के ऊपर के किनारे में लेजाकर छोड़िए। विंडो पूरी स्क्रीन में छा जाएगी। फिर विंडो को पकड़कर नीचे खींचिए वह अपने पुराने आकार में आ जाएगी। इसी प्रकार यदि आप उसे दाहिनें या बाएं किनारे में लेजाकर छोड़ेंगे तो वह स्क्रीन के क्रमश दाहिनें या बाएं आधे हिस्से में फिट हो जाएगी। और जब आप उसे वापस खींचेंगे तो वह अपने पुराने स्वरूप में आ जाएगी।
एरो पीक: आपके टास्क बार के दाहिनीं दिशा में आखिर में एक खड़ा आयताकार बटन बना होता है। यदि आप इसपर माउस ऊपर रखते हैं तो सभी खुली हुई विंडो के आरपार दिखाई देने लगता है। यह प्रभाव एरो पीक कहलाता है। एरो पीक आपको अल्ट+टैब बटन दबाने पर भी दिखाई देगा। इस स्थिति में आपको चुनी हुई विंडो के अलावा अन्य विंडो पारदर्शी दिखाई देंगी।
एरो शेक: मान लीजिए कि आपने कई विंडो खोली हुई हैं। यदि आप किसी एक विंडो को पकड़कर हिलाएंगे तो उस विंडो को छोड़कर सभी अपनी न्यूनतम अवस्था में आकर टास्कबार में चली जाएंगी। पुन: हिलाने पर सभी अपनी पूर्व स्थिति में आ जाएंगी।
फायरफॉक्स ३.६ में इंटरनेट एक्सप्लोरर ८ जैसी पारदर्शिता पाएं
यदि आप विंडोज़ विस्टा या विंडोज़७ का उपयोग कर रहे हैं तो आप अपने फायरफॉक्स को एकदम इंटरनेट एक्सप्लोरर की तरह सुंदर बना सकते हैं। सुंदर से मेरा तात्पर्य है कि आप फायर फॉक्स के टूलबारों को बिल्कुल इंटरनेट एक्सप्लोरर की तरह पारदर्शी बना सकते हैं।
नीचे दी गई स्क्रीन की तस्वीर पर गौर फरमाइए:
इस तस्वीर में ऊपर फायरफॉक्स है और नीचे इंटरनेट एक्सप्लोरर। मिलते जुलते दिख रहे हैं ना?
फायरफॉक्स को ऐसा बनाने के लिए हमें एक थीम और एक प्लग इन की आवश्यकता होगी।
थीम है विस्टा एरो, इसे आप यहां से https://addons.mozilla.org/en-US/firefox/addon/4988/ डाउनलोड कर सकते हैं। इस थीम से आपका फायरफॉक्स इंटरनेट एक्सप्लोरर की तरह दिखने लगेगा। पारदर्शिता वाले प्रभाव पैदा करने के लिए हमें एक ग्लासर नाम के एक प्लग इन की आवश्यकता होगी। इसे आप यहां से प्राप्त कर सकते हैं: https://addons.mozilla.org/en-US/firefox/addon/7336/
फायर फॉक्स हिन्दी समेत कई भारतीय भाषाओं में डाउनलोड करें
फायर फॉक्स हिन्दी समेत कई भारतीय भाषाओं में उपलब्ध है। सामान्यत: जब हम फायर फॉक्स डाउनलोड करने के लिए उसके जालपृष्ठ पर जाते हैं तब वहां से सीधे अंग्रेजी वाला फायर फॉक्स डाउनलोड कर लेते हैं।
यदि हिन्दी वाला फायर फॉक्स डाउनलोड करना हो तो जरा उस डाउनलोड वाले पृष्ठ को ध्यान से देखिए। 
इस पृष्ठ में छोटे छोटे अक्षरों से लिखा होगा, अदर सिस्टम्स एंड लैंग्वेजेज़
बस उसी कड़ी में क्लिक कर दीजिए। इससे आपके समक्ष निम्नलिखित पृष्ठ खुलेगा।
इस पृष्ठ में आप थोड़े से प्रयास से अपनी भाषा को खोज सकते हैं और फिर फायरफॉक्स डाउनलोड कर सकते हैं।
फायर फॉक्स की स्थापना के पश्चात् यह कुछ इस प्रकार दिखाई देगा।
कई लोगों के लिए यह प्रविष्टि बहुत ही मामूली होगी। यह प्रविष्टि उन लोगों के लिए है जो नये हैं या फिर यह नही जानते कि फायर फॉक्स हिन्दी समेत कई भारतीय भाषाओं में भी मिलता है।
फायर फॉक्स डाउनलोड हेतु कड़ी: http://www.mozilla.com/en-US/firefox/upgrade.html

श्रेणियां
- अंतर्जाल/इंटरनेट
- अश्रेणीबद्ध
- ऑफिस सुईट
- डाउनलोड
- नुस्खे
- लिनक्स
- लेख
- विंडोज़
- वीडियो
- वेब अनुप्रयोग
- वेब ब्राउजर
- समाचार












