कम्प्यूटर को गर्म होने से बचाएं
कम्प्यूटर को सुरक्षित तापमान में चलाना बेहद आवश्यक है क्योंकि अधिक तापमान आपके कम्प्यूटर के पुर्जों का जीवनकाल कम कर सकता है और उन्हे खराब कर सकता है। एक और बात गर्म कम्प्यूटर अपेक्षाकृत ठंडे कम्प्यूटर की तुलना में धीमा चलता है इसलिए कम्प्यूटर को सुरक्षित तापमान में रखने से फायदे ही हैं।
आपके कम्प्यूटर का तापमान क्या होना चाहिए?
वैसे तो अलग अलग निर्माताओं द्वारा बनाए गए पुर्जों के सुरक्षित तापमान में भिन्नता होती है। एएमडी और इंटेल दोनों के हिसाब से प्रोसेसर का अधिकतम तापमान ८० डिग्री सेल्सियस के आसपास बैठता है। फिर भी आपके प्रोसेसर का तापमान ९५ डिग्री सेल्सियस से ज्यादा नही होना चाहिए।
कम्प्यूटर होप के जालस्थल में विभिन्न प्रोसेसरों और उनके सुरक्षित तापमान की जानकारी दी गई है।
कम्प्यूटर का तापमान कैसे पता करें?
सामान्यत: आप अपने कम्प्यूटर का तापमान अपने BIOS में जाकर पता कर सकते हैं। किन्तु इसके लिए आपको कम्प्यूटर पुन: चालू करना होगा। इसलिए आप एचडब्लूमॉनीटर का प्रयोग कर सकते हैं। यह मुफ्त है और इसे यहां से डाउनलोड किया जा सकता है: http://www.cpuid.com/downloads/hwmonitor/1.16-32bit.zip
कम्प्यूटर को गर्मी से कैसे बचाएं?
आपने सुना होगा धूल कम्प्यूटर की दुश्मन है। ऐसा इसलिए क्योंकि धूल ऊष्मा की कुचालक होती है और आपके कम्प्यूटर के जिस पुर्जे पर अधिक धूल लगी होगी उससे ऊष्मा निकल नही पाएगी परिणामस्वरूप वह पुर्जा अधिक गर्म हो जाएगा। अर्थात कम्प्यूटर को गर्मी से बचाने के लिए जरूरी है कि बीच बीच में उसकी सफाई करते रहें।
कभी कभी सीपीयू में लगे पंखे काम करना बंद कर देते हैं। अब इसका कारण उनका स्वत: ही खराब होना हो सकता है या फिर धूल की वजह से उनका घूमना बंद हो जाता है। पंखे अंदर की गरमी को बाहर निकालते हैं, अत: जरूरी है कि वो ठीक तरह से कार्य करते रहें। बीच बीच में पंखों की भी जांच करते रहें और यदि कोई पंखा खराब हो जाए तो उसे तुरंत बदल दें।
आपका कम्प्यूटर किस जगह रखा है यह भी उसका तापमान निर्धारित करता है। यानि कि अपने कम्प्यूटर को किसी ऐसी जगह ना रखें जहां कोई आग वगैरह हो या धूप बहुत आती हो। इनसे भी गर्मी बढ़ सकती है।
कम्प्यूटर के तापमान को सही करने के लिए कभी कभार बायोस को भी नवीनीकृत करने की जरूरत पड़ सकती है। इसके लिए अपने मदरबोर्ड निर्माता के जालपृष्ठ में जानकारी खोजें।
* * *
इस लेख के लिए लाइफ हैकर की वेबसाइट से जानकारी प्राप्त हुई। मूल लेख अंग्रेजी में यहां है:
http://lifehacker.com/5570909/how-to-prevent-your-computer-from-overheating-and-why-its-important
२० डॉलर का एशैम्पू स्नैप ३ मुफ्त में डाउनलोड करें
एशैम्पू स्नैप ३ एक स्क्रीन की तस्वीरें खींचने का सॉफ्टवेयर है। यह स्क्रीन की केवल स्थिर तस्वीर ही नही लेता बल्कि चलचित्र भी ले सकता है। यानि कि इसकी मदद से आप पूरा का पूरा वीडियो बना सकते हैं।
स्नैप ३ एक छुपी हुई औजारपट्टिका को आपकी स्क्रीन के सबसे ऊपर रखता है। इस औजारपट्टिका को देखने के लिए आपको अपना माउस ऊपर की ओर ले जाना होगा। इसी औजार पट्टिका के जरिए हम स्क्रीन की तस्वीरें/चलचित्र खींच सकते हैं।
इसके साथ ही एक चित्र संपादक भी आता है जिससे हम स्क्रीन की तस्वीर लेने के बाद उसमें संपादन भी कर सकते हैं।
स्नैप ३ से आप स्क्रीन का वीडियो भी बना सकते हैं। यहां तक कि वीडियो के लिए स्क्रीन के क्षेत्र का भी निर्धारण कर सकते हैं।
यह सामान्यत: १९.९९ या यूं कहें कि २० डॉलर में आता है। परंतु अभी इसकी कुंजी को एशैम्पू वालों ने मुफ्त में उपलब्ध करा दिया है। कुंजी प्राप्त करने के लिए आपको यहां जाना होगा: http://www2.ashampoo.com/webcache/html/1/trial_step_1_7267_20_USD.htm
यहां अपना ईमेल पता लिखकर जमा करें। इससे आपको एक ईमेल मिलेगी। उस ईमेल में दी गई कड़ी पर क्लिक करें। इससे आपको एक और ईमेल मिलेगी जिसमें आपका सॉफ्टवेयर सक्रियता कुंजी होगी।
स्नैप ३ को आप सीनेट से डाउनलोड कर सकते हैं।
जेडअपलोडर से कहीं भी कुछ भी अपलोड करें
जेडअपलोडर उन लोगों के लिए काफी उपयोगी साबित हो सकता है जिन्हे तस्वीर/फाइल होस्टिंग सेवाओं में अक्सर फाइलें अपलोड करनी पड़ती हैं। जेडअपलोडर अपलोड करने की प्रक्रिया को बहुत बहुत आसान बना देता है। आप चाहें तो सीधे कुछ “कॉपी” करके भी क्लिपबोर्ड से अपलोड कर सकते हैं। अपलोड होने के पश्चात उस फाइल की कड़ी भी प्राप्त कर सकते हैं। और इस सबके लिए आपको अपना वेब ब्राउज़र खोलने की आवश्यकता नही है।
जेड अपलोडर निम्नलिखित होस्टिंग सेवाओं के लिए कार्य करता है:
जेडअपलोडर एक पोर्टेबल(स्थापना की आवश्यकता नही) अनुप्रयोग है। इसे आप यहां से मुफ्त में डाउनलोड कर सकते हैं:
इंटरनेट एक्सप्लोरर ९ का तीसरा प्रिव्यू जारी
माइक्रोसॉफ्ट ने अपने आने वाले इंटरनेट एक्सप्लोरर ९ का तीसरा प्रिव्यू जारी कर दिया है। एसिड३ जांच में इसे १०० में से ८३ अंक मिले हैं तथा जावास्क्रिप्ट की गति भी बढ़ी है। इं०ए० ९ हार्डवेयर त्वरित एचटीएमएल कैनवास तथा आडियो – वीडियो तत्वों का भी समर्थन करता है।
अधिक जानकारी के लिए यहां जाएं: http://blogs.msdn.com/b/ie/archive/2010/06/23/html5-native-third-ie9-platform-preview-available-for-developers.aspx
डाउनलोड करने के लिए यहां जाएं: http://ie.microsoft.com/testdrive/
जोनर फोटो स्टूडियो एक्सप्रेस: तस्वीरों के प्रबंधन हेतु मुफ्त अनुप्रयोग
जोनर फोटो स्टूडियो तस्वीरों के प्रबंधन तथा संपादन का अनुप्रयोग है। इसमें तस्वीरों को वर्गीकृत व प्रबंधित करने के लिए कई तरीके दिए गए हैं। जैसे कि…
- आडियो नोट : किसी तस्वीर के साथ कोई आवाज रिकार्ड करके लगा देना
- मूल्यांकित करना: किसी तस्वीर को सितारे देकर मूल्यांकित करना
- लेबल: विभिन्न रंगों के लेबलों द्वारा तस्वीरों को वर्गीकृत करना
- जीपीएस: गूगल अर्थ के द्वारा किसी स्थान के पते को चित्र के साथ जोड़ना। उदाहरण के लिए यदि कोई तस्वीर ताजमहल की है तो उसमें ताजमहल की भौगोलिक स्थिति के आंकड़ों को जोड़ सकते हैं।
[किसी चित्र में विभिन्न सूचनाओं को जोड़ने के लिए "इंफार्मेशन" मेन्यू देखें]
इसमें एक तस्वीर संपादक भी है जिसकी मदद से आप किसी तस्वीर में…
- विशेष प्रभाव जोड़ सकते हैं
- कोई पाठ्य जोड़ सकते हैं
- तस्वीरों में आखों की लालिमा(रेड आई) की समस्या को ठीक कर सकते हैं
- ब्रशों,मेशों आदि के द्वारा तस्वीर में मनचाहे परिवर्तन कर सकते हैं
[तस्वीरों के संपादन के लिए किसी तस्वीर में दाहिंना क्लिक करें फिर "एडीटर" चुनें]
यही नही आप इसके द्वारा…
- कैलेंडर
- कांटेक्ट शीट
- पनोरमा
- थ्रीडी चित्र
…भी बना सकते हैं। [पब्लिश मेन्यू देखें]
जोनर फोटो स्टूडियो के द्वारा आप तस्वीरों को सीधे फ्लिकर तथा फेसबुक में भी प्रकाशित कर सकते हैं।
जोनर फोटो स्टूडियो का पेशवर संस्करण ९९.९९ डालर का आता है। किन्तु इसका एक्सप्रेस संस्करण मुफ्त में डाउनलोड कर सकते हैं।
डाउनलोड हेतु यहां जाएं: जोनर फोटो स्टूडियो http://free.zoner.com/
एविरी नें संगीत निर्माण हेतु अनुप्रयोग जारी किया
हमने पहले भी कुछ आनलाइन संगीत निर्माण के अनुप्रयोगों का जिक्र किया है। अभी हाल ही में मुझे एविरी की ओर से प्राप्त ईमेल के द्वारा जानकारी हुई कि एविरी ने संगीत निर्माण हेतु एक आनलाइन अनुप्रयोग जारी किया है। एविरी के सुईट में संगीत संपादन का अनुप्रयोग तो पहले से ही था। अबकी बार उन्होने संगीत निर्माण का अनुप्रयोग जोड़ा है। तो आइये इस अनुप्रयोग के विषय में और जानें…
एविरी म्यूजिक क्रिएटर को खोलने के लिए इस पते पर जाना होगा: http://aviary.com/online/music-creator
सर्वप्रथम आपको एक वाद्य यंत्र चुनने को कहा जाता है यानि कि आप किस वाद्य यंत्र से संगीत बनाना चाहेंगे। आप कोई भी एक चुन सकते हैं। लेकिन यदि आप एक से अधिक वाद्य यंत्रों की ध्वनियों का प्रयोग करना चाहते हैं तो आप बाद में ऐसा कर सकते हैं।
जैसा कि नीचे वाले चित्र में आप देख सकते हैं कि “इंस्ट्रूमेंट्स” वाले हिस्से से हम कोई भी वाद्य यंत्र चुन सकते हैं फिर उसकी विभिन्न ध्वनियों जो कि “साउंड्स” के अंतर्गत दिखाई देती हैं से कोई ध्वनि चुन सकते हैं। इन ध्वनियों को खींचकर मुख्य बीट्स वाले हिस्से में पटकने से वह ध्वनि जुड़ जाती है। फिर जब हम बीट्स वाले हिस्से में जहां जहां क्लिक करते जाते हैं वहां वहां एक बिंदु बन जाता है। और प्ले हेड जब वहां से गुजरता है तो वह ध्वनि वहां वहां सुनाई पड़ती है।
इस प्रकार हम विभिन्न वाद्य यंत्रों को बकायदा सजा कर बजा सकते हैं। अपने बनाए हुए संगीत को हम सहेज भी सकते हैं। किन्तु इसके लिए पंजीकरण आवश्यक है। सहेजने के पश्चात आप उसे डाउनलोड कर सकते हैं या लोगों से साझा कर सकते हैं।
जीएडिट के नुस्खे
जी एडिट को तो आप जानते ही हैं| यह लिनक्स आधारित पाठ्य संपादक है| इसे आप लिनक्स का नोट पैड मान सकते हैं| लेकिन यह विन्डोज़ के नोट पैड से कई गुना बेहतर है| इसकी खूबियां कुछ इस प्रकार हैं:
१. विभिन्न प्रोग्रामिंग भाषाओं के स्रोत कोड को सम्पादित करने की सुविधा| इसमे मार्कअप भाषाएँ भी शामिल हैं|
२. प्रोग्रामिंग भाषाओं के शब्दों को विभिन्न रंगों से रंगकर बेहतर ढंग से समझने योग्य बनाना|
३. टैबों के द्वारा एक से अधिक फाइलों को एक साथ खोले रखने की सुविधा|
४. एक प्लग इन तंत्र ताकि और भी अधिक सुविधाएँ जोड़ी जा सकें|
आइये अब जी एडिट में कुछ और भी चीज़ों को करने के विषय में जानते है:
१. पंक्ति संख्या प्रदर्शित करना
जी एडिट वरीयता या प्रिफरेंस के डायलाग बॉक्स को संपादन > वरीयता में जाकर खोलें
अब पहली ही टैब “देखें” में लाइन नम्बर्स के नीचे में “पंक्ति संख्या प्रदर्शित करें के डायलाग बॉक्स को सक्षम कर दें| “बंद करें” बटन पर क्लिक करके बहार आ जाएँ| पंक्ति संख्या दिखने लगेंगी|
२. मिलान कोष्ठकों को आलोकित करना
प्रोग्रामिंग भाषाओं में कोष्ठकों का बहुत महत्व है| खासकर { } यानी मझले कोष्ठक का| यदि हम चाहते हैं की कोष्ठक के एक हिस्से को कर्सर द्वारा छूने पर दूसरा हिस्सा चमकना चाहिए तो हमें उसी वरीयता के डायलाग बॉक्स में “देखें” टैब के अंतर्गत “मिलन कोष्ठक आलोकित करें” विकल्प को सक्षम करना होगा|
३. फाइलों को स्वचालित रूप से सहेजना
वरीयता डायलाग बाक्स की तीसरी टैब “सम्पादक” की होती है| इसमें “फाइल स्वत: सहेजें प्रत्येक. . . . . मिनट में समय देकर सक्षम कर देने से आपकी खुली फाइल उतने समय बाद अपने आप ही सहेज ली जाएगी|
४. रंगों को बदलना
इसी डायलाग बॉक्स में तीसरी टैब होती है “फॉण्ट और रंग” की| इस टैब से आप संपादक का रंग और फॉण्ट परिवर्तित कर सकते हैं|
५. प्लगिनो के जरिये अधिक सुविधाएँ जोड़ना:
वरीयता के डायलाग बॉक्स की आख़िरी टैब होती है प्लागिनो की| इस टैब से हम संपादक में कुछ अतिरिक्त सुविधाएँ जैसे “वर्तनी जांचक” इत्यादि जोड़ सकते हैं|
६. तारीख और समय जोड़ना
यदि आप अपनी फाइल में तारीख अथवा समय लिखना चाहते हैं तो जी एडिट आपको विभिन्न संरूपों में तारीख और समय लिखने की सुविधा प्रदान करता है| इसके लिए “संपादन” मेन्यू में जाकर “तिथि समय प्रविष्ट करें” विकल्प में क्लिक करना होगा|
आपके सामने यह डायलाग बॉक्स आ जाएगा जिसके जरिये आप विभिन्न संरूपों में से कोई एक चुनकर तारीख और समय जोड़ सकते हैं|
[ध्यान रहे यह विकल्प "तिथि समय प्रविष्ट करें" प्लग इन के सक्षम होने पर ही कार्य करता है]
७. प्रोग्रामिंग भाषा का समर्थन सक्षम करना
जी एडिट के स्टेटस बार में जहां “सादा पाठ” लिखा होता है वहां पर क्लिक करने से ढेर सारी प्रोग्रामिंग भाषाओं की सूची दिखाई देने लगती है| इनमें से किसी में क्लिक करने से उस भाषा का समर्थन प्रभावी हो जाता है और सम्बन्धित भाषा के अनुसार कोड रंगो से आलोकित होने लगता है|
८. कुछ अतिरिक्त प्लगइन स्थापित करना
आप केवल एक आदेश से कई अतिरिक्त प्लगइनों को स्थापित कर सकते हैं:
sudo apt-get install gedit-plugins
इन प्लग इनों में से कुछ इस प्रकार हैं:
- Bracket Completion: जब आप किसी कोष्ठक को जोडें तो स्वत: ही किसी कोष्ठक को बंद करना|
- Charmap:कैरेक्टर मैप से किसी कैरेक्टर को चुनना
- Code Comment: कोड के किसी हिस्से को टिप्पणी में परिवर्तित करना
- Color picker: रंग चुनने का डायलाग बाक्स
- Join lines/ Split lines: Ctrl+J तथा Ctrl+Shift+J की सहायता से पंक्तियों को जोड़ना तोड़ना|
- Session Saver: सत्रों को पुस्तक चिऩ्हित करना, ताकि उऩ्हे बाद में शुरू किया जा सके|
- Show tabbar:जीएडिट टैब बार को छिपाना दिखाना
- Terminal: निचले फलक में टर्मिनल
गूगल के मुख्य पृष्ठ पर वालपेपर लगाएं
गूगल नें हाल ही में अपने गूगल डॉट कॉम वाले पृष्ठ पर एक नई विशेषता जोड़ी है। यह है बिंग की तर्ज पर वालपेपर। बिंग आपको अपना वालपेपर चुनने की इजाजत नही देता किन्तु गूगल देता है। और हां तस्वीरों को खोजने के भी ढेर सारे विकल्प गूगल उपलब्ध कराता है।
सर्वप्रथम गूगल डॉट कॉम पर जाएं उसमें आपको नीचे वालपेपर चुनने का एक लिंक दिखाई देगा। उसमें क्लिक करें।
यहां आप चाहें तो कम्प्यूटर से अपलोड करके या पिकासा एलबम से या सार्वजनिक गैलरी से या फिर संपादकों द्वारा चुनी गई तस्वीरों में से कोई भी तस्वीर गूगल डॉट कॉम के लिए चुन सकते हैं।
चुनाव करने के पश्चात “सेलेक्ट” बटन पर क्लिक करें। आपको आपके पसंद की तस्वीर मुख्य पृष्ठ पर दिखाई देने लगेगी।
ऑफिस २०१० की थीम बदलें
माइक्रोसॉफ्ट ऑफिस २०१० को तीन रंगों में रंगा जा सकता है:
१. काला, २. नीला, ३. सफेद
माइक्रोसॉफ्ट ऑफिस २०१० के किसी भी अनुप्रयोग का रंग बदलने के लिए फाइल मेन्यू में क्लिक कीजिए। फिर ऑप्शन विकल्प पर क्लिक कीजिए।

अब ऑफ्शन्स के डायलॉग बॉक्स में colour scheme के आगे आपको Black, Blue, Silver तीन रंगों में से किसी एक को चुनने को कहा जाएगा। जिस किसी रंग को आप चुन लेंगे उसी रंग में पूरा इंटरफेस रंग जाएगा।

इसकी विभिन्न थीमें कुछ इस प्रकार दिखाई देती हैं:
क्रायोजेनिक फाइल स्प्लिटर से फाइलों को उठा के पटक के तोड़ें और जोड़ें

क्रायोजेनिक फाइल स्प्लिटर एक मुफ्त तथा मुक्त स्रोत अनुप्रयोग है जिसके जरिए हम बड़ी बड़ी फाइलों को कई हिस्सों में तोड़कर अलग अलग रख सकते हैं और फिर जब चाहें उन्हे जोड़कर एक फाइल बना सकते है। कभी कभी ईमेल आदि करते समय बड़ी फाइलों को भेजना कठिन हो जाता है क्योंकि ईमेल सेवाप्रदाता एक सीमित आकार की फाइलों को ही समर्थन देते हैं। ऐसे में इस अनुप्रयोग से हम बड़ी फाइलों को कई छोटी फाइलों में विभक्त करके अलग अलग ईमेल कर सकते हैं। और ईमेल प्राप्त करने वाले को क्रायोजेनिक फाइल स्प्लिटर की डाउनलोड कड़ी भेज सकते हैं ताकि वह फाइलों को जोड़ भी सके। क्रायोजेनिक फाइल स्प्लिटर एक पोर्टेबल अनुप्रयोग है अर्थात इसे स्थापना की आवश्यकता नही होती है।
डाउनलोड की कड़ी: http://sourceforge.net/projects/cryogenicfilesp/

श्रेणियां
- अंतर्जाल/इंटरनेट
- अश्रेणीबद्ध
- ऑफिस सुईट
- डाउनलोड
- नुस्खे
- लिनक्स
- लेख
- विंडोज़
- वीडियो
- वेब अनुप्रयोग
- वेब ब्राउजर
- समाचार























