May
3

उबुन्टू १०.०४ में‌ नया क्या क्या

उबुन्टू के नवीनतम संस्करण १०.०४ में कई बड़े परिवर्तन किये गये हैं। उबुन्टू के लिए किए जा रहे प्रयासों को देखकर लगता है कि कैनानिकल उबुन्टू को मैक ओएस या विंडोज़ के समकक्ष बना देना चाहता है, यानि कि पूरी तरह से उपभोक्ता पर केंद्रित प्रचालन तंत्र।

उबुन्टू के पिछले संस्करणों में लम्बे समय से गिम्प अनुप्रयोग साथ में आता था। परंतु इस संस्करण के साथ यह नही आता। इसकी जगह फिल्म संपादन अनुप्रयोग पीटीवी को लाया गया है। इसके पीछे सोच यह है कि ज्यादातर लोग उन्नत ग्राफिक संपादन का कार्य नही करते हैं। तस्वीरों की थोड़े बहुत संपादन का कार्य उबुन्टू के साथ आने वाले एफ स्पॉट के जरिए किया जा सकता है। जबकि ज्यादातर लोगों को सामान्य फिल्म संपादन का कार्य करना ही पड़ जाता है, क्योंकि मोबाइल और कैमरे आजकल ज्यादातर लोगों के पास हैं।

Linux Video Editor

आजकल ज्यादातर लोग सामाजिक नेटवर्किंग सेवाओं का भरपूर इस्तेमाल कर रहे हैं, जैसे: ट्विटर, फेसबुक आदि। अत: उबुन्टू के निर्माताओं ने ग्विबर नामक सामाजिक अनुप्रयोग को शामिल किया है। इस अनुप्रयोग के जरिए आप एक से अधिक सामाजिक नेटवर्किंग सेवाओं से जुड़ सकते हैं और अपनी स्थिति उसी अनुप्रयोग से ही बता सकते हैं।

Gwibber Social Networking in Ubuntu

कैनानिकल की सेवा उबुन्टू वन के जरिए प्रत्येक उबुन्टू उपयोगकर्ता को दो गीगाबाइट की मुफ्त आनलाइन भंडारण जगह मिलती है। यदि आप विंडोज़ में ड्रॉप बॉक्स का प्रयोग कर चुके हैं तो आप इस सेवा को ड्रॉप बॉक्स की नकल मान सकते हैं। यदि आप और जगह चाहते हैं तो दस डॉलर प्रतिमाह की दर से आप पचास गीगाबाइट तक की जगह प्राप्त कर सकते हैं।

उबुन्टू वन के साथ ही उबुन्टू वन म्यूजिक स्टोर भी रिदमबाक्स संगीत प्लेयर के साथ आ गया है जहां से आप गाने खोज सकते हैं उनकी एक झलक सुन सकते हैं और पसंद आने पर खरीद सकते हैं|

Ubuntu One

एक और खास बात आपको इसमें मिलेगी और वो ये कि विंडो के न्यूनतम, अधिकतम और बंद बटन अब दांई ओर से बांई ओर खिसका दिये गये हैं। हो सकता है कि आपको इससे थोड़ी परेशानी हो। पर मुझे लगता है कि आपको इसकी आदत पड़ जाएगी। आप चाहें तो इसे पुरानी वाली स्थिति में भी पा सकते हैं। दाहिंने ऊपरी कोने की खाली जगह देखकर लगता है कि आने वाले संस्करणों में शायद यहां कुछ नई चीज़ें जोड़ी जाएं।

नए उबुन्टू की थीम पहले से सुंदर बनाई गई है और यह दो रंगों में उपलब्ध है। आईकानों के रंग को भी थोड़ा गहरा किया गया है।  और हां इस संस्करण के साथ ही उबुन्टू को एक नया खूबसूरत लोगो भी मिल गया है।

Ubuntu 10.04 LTS Logo

उबुन्टू १०.०४ एल टी एस संस्करण है यानि कि इसके लिए आपको डेस्कटॉप संस्करण पर तीन तथा सर्वर संस्करण  पर पांच वर्षों का समर्थन मिलेगा। आप उबुन्टू को यहां से डाउनलोड कर सकते हैं: http://www.ubuntu.com/

2 Comments to “उबुन्टू १०.०४ में‌ नया क्या क्या”

Post comment


4 × = eight