Browsing all articles from April, 2010
Apr
30

वे ५ चीजें जो आपको उबुन्टू स्थापित करने के बाद करनी चाहिए

उबुन्टू स्थापित कर लिया? अब आइये ये जाने की वो चीजें जो आपको उबुन्टू स्थापित करने के बाद करनी चाहिए|

  1. उबुन्टू अद्यतित करना
  2. फ्लैश, एमपी थ्री आदि का समर्थन स्थापित करना
  3. उबुन्टू की मुफ्त पुस्तकें डाउनलोड करना
  4. हिंदी अथवा अन्य भारतीय भाषाओं का समर्थन स्थापित करना
  5. उबुन्टू वन (Ubuntu One) का इस्तेमाल करना

१. उबुन्टू अद्यतित करना

उबुन्टू के सबसे नए संस्करण को स्थापित करने का ये मतलब नहीं है की आपके कंप्यूटर में सभी पैच स्थापित होंगे| विभिन्न पैकेजों के नए नए संस्करण जारी होते रहते हैं, जिनमे पिछले संस्करण की गड़बड़ियों को सुधारा गया होता है तथा नै सुविधाओं को जोड़ा गया होता है| अत: स्थापना के पश्चात् अपने उबुन्टू को अद्यतित जरूर कर लें. इसके लिए System > Administration > Update Manager में जाएँ फिर Check Update बटन पर क्लिक करके अपने उबुन्टू को अद्यतित करें|
Ubuntu Upadate Manager

२. फ्लैश, एमपी थ्री आदि का समर्थन स्थापित करना

ताज़ा ताज़ा स्थापित उबुन्टू में आप फ्लैश या एमपी थ्री फाइलें नहीं चला सकते हैं| इसके लिए उसमे इनका समर्थन स्थापित करना होता है| ऐसा करने के लिए Application > Ubuntu Software Center में जाएँ| फिर दायें कोने में दिए खोज बक्से में restricted लिखें| इतने में आपको एक सूची दिखाई देगी जिसमे Ubuntu Restricted Extras जैसा कुछ लिखा होगा| Ubuntu Restricted Extras में क्लिक करके उसे स्थापित कर लें| ध्यान रहे की इसमे कुछ समय लगता है अत: धैर्य रखें|

Ubuntu Restricted Extras in Software Center

३. उबुन्टू की मुफ्त पुस्तकें डाउनलोड करना

उबुन्टू के लिए नए हैं? श्री रविशंकर श्रीवास्तव द्वारा हिन्दी में लिखी गई पुस्तक लिनक्स पॉकेट गाइड से आप आसानी से लिनक्स सीख सकते हैं|  इसे आप यहाँ से डाउनलोड कर सकते हैं:

http://raviratlami.blogspot.com/2009/07/blog-post_23.html

अंग्रेजी में उबुन्टू मैनुअल यहाँ से डाउनलोड कर सकते हैं: http://ubuntu-manual.org/
अंग्रेजी में उबुन्टू पॉकेट गाइड एंड रिफरेन्स यहाँ से डाउनलोड कर सकते हैं: http://www.ubuntupocketguide.com/index_main.html

४. हिंदी अथवा अन्य भारतीय भाषाओं का समर्थन स्थापित करना

यदि आप  उबुन्टूको हिंदी या किसी अन्य भाषा में उपयोग करना चाहते हैं तो उस भाषा का समर्थन आपको उबुन्टू में स्थापित करना होगा| इसके लिए System > Administration > Language Support में जाएँ|

Install Hindi Language in Ubuntu

अब Install/ Remove Languages बटन में‌ क्लिक करें| इससे आपको निम्न लिखित विंडो खुलेगी|

Install Hindi and Indian Languages in Ubuntu

इसमे हिन्दी या जो भाषा आप स्थापित करना चाहते हों उसमें चिह्न लगाकर चुनें फिर Translations, Input Methods तथा Extra fonts को भी चिह्नित कर दें| अब Apply Changes में क्लिक करें| थोड़ा इंतजार करें, आपकी चुनी हुई भाषाएं स्थापित हो जाएंगी|

Install Language Support in Ubuntu

अब Text टैब में जाएं और Display numbers, dates and currency…. में हिन्दी चुन लें और Apply System-Wide… में‌ क्लिक कर दें| अब Languages टैब में आएं|

Indian Language Support in Ubuntu

इसमें Keyboard input method system: में ibus चुनें|

एक बार सत्रांत करके पुन: सत्रारंभ करने पर परिवर्तन प्रभावी हो जाएंगे|

अब तंत्र > वरीयता > ibus वरीयता में जाएं | अब इनपुट विधि में जाएं|

iBus Preference in Ubuntu 10.04

यहां “कोई इनपुट विधि चुनें” में क्लिक करके हिन्दी या अपनी भाषा की इनपुट विधि चुन लें| उदाहरण के लिए मैंने यहां iTrans चुना है| इसके पश्चात् “जोड़ें” में‌ क्लिक करें|

“बंद करें” बटन पर क्लिक करके विंडो बंद करें|

जब भी आपको कोई हिन्दी प्रयोग करनी हो तो दांई ओर की alt बटन दबाएं| फिर टाइप करें| पहले जैसा अंग्रेजी में टाइप  करने के लिए पुन: alt बटन दबाएं|

५. उबुन्टू वन (Ubuntu One) का इस्तेमाल करना

उबुन्टू वन, विंडोज़ के ड्राप बाक्स जैसी सेवा है, जिसमें प्रत्येक उबुन्टू उपयोगकर्ता को दो गीगाबाईट की मुफ्त आनलाइन भंडारण जगह मिलती है| इसमें $१० प्रतिमाह के भुगतान पर ५० गीगाबाईट तक का अपग्रेड उपलब्ध है| यदि आप उबुन्टू वन के लिए नए हैं तो आपको https://one.ubuntu.com/ पर जाकर पंजीकरण कराना होगा|

अब तंत्र > वरीयता > उबुन्टू वन में जाएं|

अब खाता टैब में जाकर खाता प्रबंध में क्लिक करें|

Ubuntu One Preference

अब वेब ब्राउजर में आपको सत्रारंभ करना होगा(ईमेल पता तथा कूटशब्द डालकर)| यदि आपने पहले से ही सत्रारंभ कर दिया है तो आपके सामने यह पेज दिखाई देगा|

Starting Ubuntu One

यहां Yes, Sign me in में क्लिक करें|

Adding Computer in Ubuntu One

इस पेज में कम्प्यूटर का नाम भरें और Add this computer में क्लिक करें| अब वरीयता वाली विंडो में औजार टैब में जाकर “संयोजन करें” बटन में क्लिक करें|

Ubuntu One

अब आपके उबुन्टू वन फोल्डर जो कि घर फोल्डर के भीतर होता है में जो भी फाइलें रखी जाएंगी वो स्वत: ही आपके उबुन्टू वन खाते में अपलोड हो जाएंगी|

Apr
30

उबुन्टू लिनक्स को कंप्यूटर में स्थापित कैसे करें

इस लेख के प्रकाशित होते तक उबुन्टू १०.०४ जारी हो चुका है| इसे आप यहां से डाउनलोड कर सकते हैं:
http://www.ubuntu.com
इस लेख में हम उबुन्टू को स्थापित करना सीखेंगे| उबुन्टू लिनक्स को कम्प्यूटर में दो तरह से स्थापित किया जा सकता है|
१. वास्तविक स्थापना: इसमे हार्ड डिस्क को फार्मेट करके अथवा यदि कोई और प्रचालन तंत्र स्थापित हो तो हार्ड डिस्क में विभाजन बनाकर स्थापित किया जा सकता है|

२. वूबी के जरिये स्थापना: यदि आपके कंप्यूटर में विन्डोज़ पहले से स्थापित है और आप हार्ड डिस्क में बिना विभाजन बनाये विन्डोज़ के साथ उबुन्टू स्थापित करना चाहते हैं तो वूबी के जरिये ऐसा किया जा सकता है| वूबी के जरिये स्थापना में एक फाइल बन जाती है जो की आभासी हार्ड डिस्क के रूप में कार्य करती है| इसी में लिनक्स स्थापित हो जाता है|दोनों ही प्रक्रियाएं आसन हैं| परन्तु वूबी वाली अधिक आसान है|

१. वास्तविक स्थापना प्रक्रिया को समझने के लिए इस वीडियो को देखें:

२. वूबी के जरिये लिनक्स स्थापित करने के लिए आपको विन्डोज़ में रहते हुए उबुन्टू की सीडी, सीडी ड्राइव में लगानी है फिर माई कंप्यूटर से सीडी ड्राइव खोलकर वूबी को क्रियान्वित करना है| इससे आपके सामने यह विंडो आ जाएगी:

Ubuntu Wubi Install

इसमे Install inside windows चुनिए| अब आपके सामने यह विंडो आ जायेगी:

Ubuntu Install inside windows via Wubi
यहाँ जिस ड्राइव में आप उबुन्टू स्थापित करना चाहते हैं उसे चुने और अपनी आभासी डिस्क का आकार निश्चित करें|
उपयोगकर्ता नाम और कूटशब्द ध्यान से डालें क्योंकि बिना सही उपयोगकर्ता नाम और कूटशब्द के आप उबुन्टू में सत्रारंभ नहीं कर पाएंगे|
अब Install बटन पर क्लिक कर दें और थोड़ा इंतजार करें| स्थापना प्रक्रिया के पहले चरण के पूरा हो जाने के बाद कम्प्यूटर को पुन:चालू करें|आप अपना कम्प्यूटर ड्यूल बूट पाएंगे| बूट करने के लिए उबुन्टू का चुनाव करें| शेष प्रक्रिया स्वत: ही होते जाएगी| प्रक्रिया पूरी होने के बाद आप उबुन्टू में काम कर पाएंगे|
यदि आपने उबुन्टू को वूबी के जरिए स्थापित किया है तो आप विंडोज़ के “एड रिमूव प्रोग्राम्स” से उसे हटा भी पाएंगे|
Apr
30

विन्डोज़ ७ की छुपी हुई थीमो को कैसे प्राप्त करें?

विन्डोज़ ७ में जितनी थीमे आप देखते हैं असल में उससे ज्यादा होती हैं| ये थीमें छुपी हुई होती हैं| इन तक पहुँचने के लिए C:\Windows\winsxs फोल्डर खोलें और ऊपर दिए गए खोज बक्से में *.theme लिखकर खोजें|
आपको थोड़ी देर में कई सारी थीमो की सूची दिखाई देगी|

Windows 7 Hidden Themes
फिर जिस थीम को लागू करना हो उसमे दो बार क्लिक करके लागू करें|

Apr
29

पीडीएफ क्राउड किसी भी जालपृष्ठ को पीडीएफ में परिवर्तित करेगा

pdfcroud - webpage to pdf converter

पीडीएफ क्राउड एक आनलाइन सेवा है जिसके जरिए हम किसी भी जालपृष्ठ को पीडीएफ फाइल के रूप में सहेज सकते हैं। पीडीएफ क्राउड हमें पृष्ठ का आकार, मार्जिन तथा पासवर्ड सुरक्षा जैसे विकल्प भी प्रदान करता है। आप न केवल किसी जालस्थल का पता भरकर उसे पीडीएफ में परिवर्तित कर सकते हैं बल्कि किसी एचटीएमएल फाइल को अपलोड करके अथवा सीधे एचटीएमएल टाइप करके भी उसे पीडीएफ में परिवर्तित करते हैं। यदि आपको एचटीएमएल ना आता हो तो यह आपको एक WSISWYG संपादक देता है, जिसकी मदत से आप बिना एचटीएमएल टाइप करे ही अपनी सामग्री लिख व संपादित कर सकते हैं।

पीडीएफ क्राउड वेबमास्टरों तथा डेवेलपरों के लिए कोड तथा एपीआई भी प्रदान करता है। जिससे वे अपने जालपृष्ठों तथा प्रोग्रामों में पीडीएफ क्राउड का इस्तेमाल कर सकें।

एक और बात, यह केवल अंग्रेजी जालपृष्ठों को ही ठीक से पीडीएफ में परिवर्तित कर पाता है। हिन्दी जालपृष्ठों में हिन्दी शब्दों के स्थान पर डिब्बे बन जाते हैं।

http://www.pdfcrowd.com/

Apr
27

विंडोज़ ७ में विंडोज़ एक्सपी और विस्टा जैसा टास्क बार पाएं

विंडोज़ ७ में एकदम नया टास्कबार है। वैसे तो माइक्रोसॉफ्ट नें ऐसा विंडोज़ को बेहतर बनाने के लिए किया है परंतु कुछ लोगों को यह  असुविधाजनक लग सकता है। आप चाहें तो इसे पुराने टास्कबार के रूप में परिवर्तित कर सकते हैं।

ऐसा करने केलिए टास्कबार में दाहिंना क्लिक करें फिर प्रापर्टीज़ में जाएं।

यहां पर टास्कबार टैब के अंतर्गत Use small icons को सक्षम कर दें तथा Taskbar buttons में Combine when taskbar is full चुनें। आपका टास्कबार विंडोज़ एक्सपी अथवा विस्टा जैसा दिखने लगेगा।

Apr
26

क्लियर बिट्स से वैध टोरंट डाउनलोड करें

क्लियर बिट्स - ClearBits.net

एक ओर जहां टोरंट पायरेसी के लिए बदनाम हो चुके हैं वहीं क्लियर बिट्स डॉट नेट जैसे जाल स्थल राहत पहुंचाते हैं। यहां आपको पूरी तरह से वैध फाइलें डाउनलोड हेतु उपलब्ध मिलेंगी। क्लियर बिट्स में फाइलें क्रियेटिव कॉमन्स या इसी के समान लाइसेंसों वाली होती हैं। अत: यदि आप कम्प्यूटर पर कोई कला आदि से संबंधित कोई कार्य कर रहे हों तो आपको यहां से बिना कोई नियम तोड़े संसाधन प्राप्त कर सकते हैं। यदि आपके पास कोई टोरंट क्लाइंट नही है तो भी चिंता की बात नही क्लियर बिट्स में वेब आधारित जावा टोरंट क्लाइंट पहले से ही है। अत: फाइलें डाउनलोड करते समय ऐसा लगता ही नही है कि किसी टोरंट को डाउनलोड कर रहे हैं।

http://www.clearbits.net/

Apr
23

स्काई ड्राइव को विंडोज़ एक्सप्लोरर के जरिए प्रयोग करें

विंडोज़ लाइव स्काई ड्राइव पच्चीस गीगाबाइट की मुफ्त भंडारण सेवा देती है। परंतु इसकी फाइलों तक आप केवल वेब ब्राउज़र से ही पहुंच सकते हैं। माइक्रोसॉफ्ट नें एफ टी पी जैसी भी कोई सुविधा नही दी है। इस सबके बावजूद आप स्काई ड्राइव को अपने विंडोज़ एक्सप्लोरर से प्रयोग कर सकते हैं। आइए देखते हैं कैसे।

एक प्रोग्रामर नें महसूस किया कि स्काई ड्राइव में WebDAV के द्वारा फाइलें अपलोड की जा सकती हैं। अत: एक ऐसा अनुप्रयोग बनाया गया जिससे आप अपने स्काई ड्राइव फोल्डरों का WebDAV पता जान सकें। यह अनुप्रयोग यहां से डाउनलोड किया जा सकता है : http://skydrivesimpleviewer.codeplex.com/releases/view/39728

इसे स्थापित करने की आवश्यकता नही है। सीधे क्लिक करके चला सकते हैं। इसे चलाने पर आपको सर्वप्रथम अपना विंडोज़ लाइव आई डी तथा कूटशब्द भरना होगा तथा लॉग इन बटन पर क्लिक करके सत्रारंभ करना होगा।

आप किनाने की पट्टिका में फोल्डरों की सूची देख पाएंगे। जिस फोल्डर को आप नेटवर्क ड्राइव के तौर पर लगाना चाहते हों उसे क्लिक करें और ऊपर उसका WebDAV पता नकल कर लें।

अब स्टार्ट >कम्प्यूटर में जाएं और उसमें ऊपर की पट्टी में मैप नेटवर्क ड्राइव में क्लिक करें। इससे आपके सामने मैप नेटवर्क ड्राइव की विंडो उपस्थित होगी।

इसमें फोल्डर के आगे अपना WebDAV पता चिपकाएं।

लेकिन ध्यान रहे कि WebDAV पता http के रूप में होता है अत: आपको पते में से http:// को हटाकर // लिखना होगा तथा सभी जगह / की जगह \ लिखना होगा। यानि कि,

https://abcde.docs.live.net/5b47sajb7/sample

बन जाएगा

\\abcde.docs.live.net\5b47sajb7\sample

विंडो की तस्वीर में आप यह देख सकते हैं।

यह भरने के बाद अपना ड्राइव लेटर चुनें और फिनिश बटन पर क्लिक करें।

आपको थोड़ा इंतजार करना होगा। फिर आपसे आपका विंडोज़ लाइव आईडी तथा कूटशब्द मांगा जाएगा। उसे भरें और ओके बटन पर क्लिक करें।

आपको फिर थोड़ा इंतजार करना होगा। और इसके बाद आप अपने स्काई ड्राइव फोल्डर को विंडोज़ एक्सप्लोरर में देख पाएंगे। इसमें आप सीधे विंडोज़ एक्सप्लोरर से ही नए फोल्डर बना सकते हैं। पुराने हटा सकते हैं। वो सबकुछ जो आप एक नेटवर्क ड्राइव से कर सकते हैं।

इस प्रकार हम देखते हैं कि विंडोज़ लाइव स्काई ड्राइव को नेटवर्क ड्राइव के तौर पर लगा देने से उसमें काम करना बहुत आसान हो जाता है। विंडोज़ लाइव स्काई ड्राइव करीब पच्चीस गीगाबाइट की जगह देती है जो कि अपने आप में काफी है। और नेटवर्क ड्राइव बना देने से स्काई ड्राइव की फाइलों को सीधे किसी अनुप्रयोग जैसे वर्डपैड, नोट पैड, ओपेन ऑफिस आदि से भी खोला एवं सहेजा जा सकता है।

Apr
23

इंटरनेट एक्सप्लोरर में पोर्न सामग्री कैसे रोकें

मैंने अपनी पिछली प्रविष्टि ( विंडोज़ ७ में अभिभावकीय नियंत्रण करें) में आपको बताया था कि आप अपने कम्प्यूटर पर बच्चों के काम करने के समय और उनके क्रियाकलापों पर किस प्रकार नियंत्रण कर सकते हैं। आज हम यह जानेंगे कि हम इंटरनेट एक्सप्लोरर में पोर्न अथवा अन्य आपत्तिजनक जाल स्थलों को कैसे रोक सकते हैं।

सर्वप्रथम स्टार्ट > कंट्रोल पैनल में जाकर इंटरनेट आप्शन्स के प्रतीक चिन्ह पर क्लिक करके उसे खोलें।

आप यह कार्य इंटरनेट एक्सप्लोरर के टूल्स मेन्यू में जाकर इंटरनेट आप्शन्स में क्लिक करके भी कर सकते हैं।

इंटरनेट आप्शन्स के डायलॉग बॉक्स में “कंटेन्ट” टैब में जाएं।

Content Advisor | इंटरनेट एक्सप्लोरर 8

यहां आपको “कंटेन्ट एडवाइज़र” के अंतर्गत “इनेबल” नाम का बटन मिलेगा। इसमें क्लिक करें। इससे आपको  डायलॉग बाक्स नजर आएगा।

Block Porn in Internet Explorer | पोर्न सामग्री प्रतिबंधित करें

जैसा कि रेटिंग टैब में आप देख सकते हैं कि इसमें आप विभिन्न प्रकार की सामग्री जैसे हिंसा, भाषा आदि का स्तर  निश्चित कर सकते हैं।

यदि आप किसी विशेष जालस्थल को प्रतिबंधित करना चाहते हैं अथवा प्रतिबंध हटाना चाहते हैं तो “एप्रूव्ड साइट्स” वाली टैब में जाकर आप ऐसा कर सकते हैं। इसके लिए आपको उस जाल स्थल का पता लिखना होगा फिर यदि आप प्रतिबंध लगाना चाहें तो “नेवर” बटन पर क्लिक कर सकते हैं और यदि प्रतिबंध हटाना चाहें तो “आलवेज” बटन पर क्लिक कर सकते हैं।

इस सबके बाद आप एप्लाई तथा ओके बटन पर क्लिक करके बाहर आ सकते हैं। परंतु जैसे ही आप बाहर आएंगे आपसे कूटशब्द/पासवर्ड बताने को कहा जाएगा ताकि जब कोई अन्य व्यक्ति इस प्रकार की सामग्री देखने का प्रयत्न करे तो उसे कूटशब्द के जरिए रोका जा सके। आप अपना कूटशब्द भरिए और ओके में क्लिक कीजिए।

अब जब भी आप किसी “ऐसी वैसे” जालस्थल को खोलने का प्रयत्न करेंगे तो आपको कुछ ऐसा दिखेगा।

जब तक सही कूटशब्द नही भरा जाएगा जालपृष्ठ नही खुलेगा।

कृपया ध्यान दें: यह तंत्र केवल इंटरनेट एक्सप्लोरर पर ही कार्य करता है। यदि आपके कम्प्यूटर में कोई दूसरा ब्राउज़र जैसे कि फायर फॉक्स आदि भी स्थापि है तो उसमें यह कार्य नही करेगा। यानि कि प्रतिबंध लगाने के बावजूद यह संभव है कि उपयोगकर्ता दूसरे ब्राउज़र का प्रयोग करके वो सामग्री देख सकता है। परंतु इसका भी हल है। अभिभावकीय नियंत्रण के जरिए आप अपने बच्चों के लिए एक अन्य खाता बनाकर उसमें दूसरे ब्राउज़रों को अक्षम कर कर सकते हैं जिससे वो केवल इंटरनेट एक्सप्लोरर का ही उपयोग कर पाएंगे।

इस प्रकार हम देखते हैं कि किसी अन्य अनुप्रयोग को स्थापित किए बगैर हम अपने विंडोज़ आधारित कम्प्यूटर पर अभिभावकीय नियंत्रण कर सकते हैं।

Apr
23

एक्सेस की (mdb) फाइलों को ओपेन ऑफिस (odb) फाइलों में परिवर्तित करें

कल्पना कीजिए कि आपको किसी ने माइक्रोसॉफ्ट एक्सेस की फाइल भेजी और आप उसे खोल नही पा रहे हैं क्योंकि आपके पास एक्सेस है ही नही। तो फाइल की सामग्री कैसे देखें? आज हम इसी पर चर्चा करेंगे। ओपेन ऑफिस एक मुफ्त तथा मुक्त स्रोत अनुप्रयोग है। इसके साथ ओपेन ऑफिस बेस आता है जिसमें हम एक्सेस की एमडीबी फाइल के आंकड़ों को आयात करके उन्हे ओडीबी संरूप में सहेज सकते हैं।

ओपेन ऑफिस बेस खोलते ही हमें कुछ इस प्रकार का दृश्य नजर आएगा।

उपरोक्त तस्वीर  में हम देख सकते हैं कि ओपेन ऑफिस हमें विभिन्न स्रोतों से आंकड़े आयात करने की अनुमति देता है। अभी हम यहां Microsoft Access चुनेंगे। इसके पश्चात Next बटन पर क्लिक करेंगे।

अब हमें वह फाइल चुननी होगी जिसके आंकड़े हम आयात करना चाहते हैं। Browse बटन पर क्लिक करके वह फाइल चुनें। इसके पश्चात Next बटन पर क्लिक करें।

आखिरी चरण में Finish बटन पर क्लिक कर दें। अब आपको एक नई फाइल सहेजने को कहा जाएगा।

यहां अपनी ODB फाइल का नाम दें और Save बटन पर क्लिक कर दें।

बधाई हो! आपने MDB एक्सेस फाइल को ODB में परिवर्तित कर लिया।

Apr
20

FoxVox से जालपृष्ठों को पढ़ें नही बल्कि सुनें

Fox Vox

FoxVox फायरफाक्स का एक एक्सटेंशन है जिसकी मदत से आप जालपृष्ठ पर लिखे किसी पाठ्य को चुनकर सुन सकते हैं। और केवल सुन ही नही सकते बल्कि Wav,Mp3 तथा Ogg संरूपों में आवज सहेज भी सकते हैं।

इसे प्राप्त करने के लिए यहां जाएं:  https://addons.mozilla.org/en-US/firefox/addon/9759

कृपया ध्यान दें: यह एमपीथ्री के समर्थन के साथ नही आता है। यदि आप लिखे हुए को MP3 संरूप में सहेजना चाहते हैं तो आपको LAME Mp3 Encoder स्थापित करना होगा।

उबुन्टू लिनक्स में इसे स्थापित करने हेतु टर्मिनल में यह आदेश दें:

sudo apt-get update
sudo apt-get install lame

विंडोज़ के लिए गूगल में lame.exe जैसा कुछ खोजिए और उसे C:\Windows\System32 में रख दीजिए। वैसे आप इसे यहां से प्राप्त कर सकते हैं:

http://www.rarewares.org/dancer/dancer.php?f=305

इसका विंडोज़ संस्करण Ogg Vorbis के साथ आता है। किन्तु लिनक्स में इसे भी स्थापित करना होगा।

स्थापना हेतु टर्मिनल में यह आदेश दें:

sudo apt-get update
sudo apt-get install vorbis-tools

आडियो एनकोडर संबंधी अधिक जानकारी के लिए यहां जाएं:

http://wordit.com/index.php/FoxVox/AudioEncoders

फिलहाल हिन्दी तो यह समझ नही पाता है। अत: केवल अंग्रेजी जालपृष्ठों पर हम इसे प्रयोग कर सकते हैं।

[audio:http://blogs.antarjaal.in/takneek/files/2010/04/foxvox_cypress_street.mp3|titles=foxvox_cypress_street]